27 जुलाई 2015 को दीनानगर में पाकिस्तान से आए आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए पंजाब पुलिस के एसपी बलजीत सिंह का जल्द ही कपूरथला के एसएसपी चौक में बुत स्थापित होगा। यह मांग शहीद एसपी बलजीत सिंह के परिवार ने रखी थी। पहले डीसी ने इसे मंजूरी दी। बाद में नगर कौंसिल ने भी मता डाल दिया लेकिन जगह का चयन नहीं हो पा रहा था। अब नगर कौंसिल ने सरकार के आदेश के बाद इसे एसएसपी चौक में स्थापित करने की हरी झंडी दे दी है। इसका खर्च खुद परिवार ही करेगा। शहीद एसपी बलजीत सिंह कपूरथला के मोहल्ला संतपुरा के निवासी थे। शहीदी के समय सरकार ने उनकी बहादुरी के लिए गैलेंटरी अवॉर्ड से सम्मानित करने और बेटे को डीएसपी की नौकरी देने का ऐलान किया था। सरकार ने बेटे को नौकरी देकर तो अपना काम पूरा कर दिया लेकिन शहीद को गैलेंटरी अवॉर्ड से नहीं नवाजा। तीसरी मांग परिवार की शहीद एसपी का शहर में बुत स्थापित करने की थी। नगर कौंसिल के ईओ कुलभूषण गोयल ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि बुत एसएसपी चौक में स्थापित किया जा रहा है। इसे परिवार ही अपने तौर पर तैयार करेगा।
शहीद एसपी बलजीत सिंह।
शहीद की प|ी ने पंजाब सरकार को लिखा था पत्र
कुछ समय पहले शहीद एसपी बलजीत सिंह की प|ी कुलवंत कौर ने पंजाब सरकार को पत्र भेजकर मांग की थी कि उसका पति एसपी बलजीत सिंह 27 जुलाई 2015 को दीनानगर में आतंकियों से 5 घंटे मुकाबला करते हुए शहीद हो गया है। उसकी याद को ताजा रखने के लिए शहर में किसी जगह उसका बुत लगाने की मंजूरी दी जाए। मामला डीसी तक पहुंचा तो उसने इसे मंजूरी देते हुए जगह के लिए नगर कौंसिल को भेज दिया। अप्रैल महीने में नगर कौंसिल के हाउस की जनरल बैठक थी। बैठक में बजट और अलग-अलग 14 मतों को पास किया गया। बैठक में सबसे अहम मता शहीद बलजीत सिंह का शहर में बुत लगाने को लेकर था। नगर कौंसिल ने इसे सहमति दे दी। तभी से जगह की चयन के लिए बात चल रही थी। आखिर एक महीने के बाद नगर कौंसिल ने उसका भी चयन कर लिया।
शहीद के बेटे को दी गई डीएसपी की नौकरी | एसपी बलजीत सिंह पंजाब पुलिस के दलेर पुलिस अफसर थे। 27 जुलाई 2015 को दीनानगर में पाकिस्तान की ओर से आतंकी आकर हमला करने लगे। ऐसे में एसपी बलजीत सिंह ने आतंकियों को करारा जवाब दिया। लंबे समय तक गोलाबारी जारी रही। इस दौरान एसपी बलजीत सिंह गोली लगने से शहीद हो गए। उस समय पंजाब सरकार ने शहीद के परिवार की माली मदद भी की। सरकार ने बेटे को पंजाब पुलिस में डीएसपी की नौकरी भी दी हुई है।