छप्परपोश में 3 लाख 83 हजार की नकदी सहित घरेलू सामान खाक
कैलादेवी. आग से जलकर राख हुई नकदी।
भास्कर न्यूज | कैलादेवी
ग्राम पंचायत खोहरी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक छप्परपोश में आग लग गई। इससे लाखों रुपए की नकदी व आवश्यक कागजात सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित बीरवल भगत ने बताया कि छप्परपोश में उसकी बेटी गैस पर खाना बना रही थी। इस दौरान छप्परपोश में आग लग गई। जिससे उसने श्रीराम फाइनेंस कंपनी से ऋण के 3 लाख 50 हजार एवं गाड़ियों की बुकिंग के 26 हजार और 7 हजार रुपए उसकी पेंट की जेब में रखे थे, जो जलकर नष्ट हो गए।
इसके अलावा ट्रैक्टर, पिकअप, मोटरसाइकिल और एक ग्रामीण बस के कागजात सहित टीवी, फ्रिज, कूलर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग पर ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से काबू पाया और सिलेंडर को छप्परपोश से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस संबंध में पीड़ित ने कैलादेवी थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सरपंच कुसुम भगत व ग्रामीणों ने कलेक्टर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
घरेलू सामान सहित अनाज भी राख
हिंडौन ग्रामीण| फुलवाड़ा की ढाणी पूठनकापुरा में शुक्रवार की रात आग से जलकर दो भाइयों के छप्परपोश राख हो गए। सूचना पर हिंडौन नगर परिषद के दमकलकर्मी सोनू शर्मा, करौली दमकलकर्मी सचिन, जसराम, सोहन सिंह आदि पहुंचे। जिन्होंने पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन आग में छप्परपोश सहित घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
पूठनकापुरा के राजेन्द्र व बहादुर जाटव ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके छप्परपोश में अचानक आग लग गई। आग से छप्परपोश सहित उसमें रखा घरेलू सामान चारपाई, बिस्तर, बर्तन आदि जल गए। इसके साथ ही 15 बोरी गेहूं भी जल गए।
हिंडौन ग्रामीण. फुलवाड़ा की ढाणी पूठनकापुरा में जला छप्परपोश।