आईसीयू-बर्न यूनिट में एसी खराब, वार्डों में कूलर नहीं
करौली. जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती मरीज और बंद पड़े एसी तथा दूसरी ओर शौचालय में जमा गंदगी।।
अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों के सामने दुविधा
कार्यालय संवाददाता | करौली
जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की हालत खराब चल रही है। जहां बर्न यूनिट एवं आईसीयू वार्ड में एसी शोपिस बने हुए हैं वहीं दूसरी ओर अन्य वार्डों में भी कूलर नहीं होने से मरीजों को गर्मी ने परेशान कर दिया है। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल भवन में बने शौचालयों को देखकर स्वच्छता अभियान की खिल्लियां उड़ती दिखाई दे रही हंै।
जिला मुख्यालय में गर्मी का असर देखने को मिलने लगा है लोगों ने महिनों पहले ही अपने पंखे चालू कर लिए तो कूलर एवं एसी की साफ-सफाई कराके उन्हें भी शुरु कर दिया है। ऐसे में जिला अस्पताल के कुछ वार्डों में अभी तक कूलर नहीं लगे है। जिसके कारण मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं दूसरी ओर बिजली चले जाने पर लोगों को गर्मी की परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। इधर जिला अस्पताल के बर्न यूनिट वार्ड के अधिकांश एसी खराब पड़े हुए है। जिसके कारण बर्न मरीज को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है तो आईसीयू में लगे 4 एसी भी खराब है।
कंडम हुए एसी, उतार कर स्टोर में रखवाए
आईसीयू में लगभग 8 एसी लगाए गए थे लेकिन एसी खराब होने लगे तो उन्हें अस्पताल प्रशासन ने स्टोर में रख दिया। अब महज 4 एसी ही आईसीयू में लगे हंै वो भी खस्ता हाल में है।
स्वच्छता अभियान की उड़ी खिल्ली
जिला अस्पताल के शौचालयों एवं परिसर को देखकर स्वच्छता अभियान की खिल्लियां उड़ती नजर आ रही है। हालत यह है कि जिला अस्पताल के अधिकांश शौचालयों की सफाई लगातार नहीं होती है जिससे उनमें गंदगी बनी रहती है तो दूसरी ओर कई शौचालयों में वॉशवेसन एवं अन्य पाइप लाईन आदि जर्जर भी पड़े हुए है।
एसी सही करवा दिए जाएंगे
जिला अस्पताल करौली के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, डॉ.श्रीराम मीना का कहना है कि मैं 4-5 दिन से अवकाश पर चला गया था। इस दौरान आईसीयू एवं बर्न यूनिट के एसी खराब हो गए होंगे। उनको सही करा दिया जाएगा। वार्डों में शौचालयों की सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारियों को पाबंद किया जाएगा।
घंटों गायब रहती है बिजली
जिला अस्पताल में बिजली नहीं आने पर जनरेटर की व्यवस्था की गई है लेकिन जनरेटर होने के बावजूद भी वार्डों में बिजली जाने पर बिजली गायब हो जाती है। ऐसे में मरीजों को तो परेशानी उठानी पड़ रही है। जानकारी पर पता चला कि जनरेटर जिला अस्पताल का बिजली का लोड पूर्णरूपेण नहीं उठा पा रहा है। जबकि पहले जनरेटर से घंटों बिजली नहीं आने पर सभी वार्डों की बिजली आती रहती थी।