जिलेभर में 12 घंटे इंटरनेट बंद रहा
करौली| भारत र| डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शनिवार को जिले में शांति व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन 12 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद रखी। इससे जिले के लोग काफी प्रभावित रहे और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि शनिवार सायं 7 बजे बाद इंटरनेट सेवा सुचारु हो जाने से संचार सेवा से जुड़े आम उपभोक्ताओं को राहत मिल पाई।
गौरतलब है कि एससी-एसटी के दो अप्रैल को भारत बंद के बाद बिगड़े हालात और तीन अप्रैल को हिंसात्मक आंदोलन के बाद हिंडौन में कर्फ्यू लागू करना पड़ा। इसके बाद 10 अप्रैल को स्वैच्छिक भारत बंद जैसी स्थिति से सबक लेते हुए पुलिस-प्रशासन ने जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद करा दीं, ताकि सोशल मीडिया के जरिये किसी भी प्रकार की कोई अफवाह नहीं फैले और शांति व सद्भाव न बिगड़े।