- Hindi News
- National
- शिक्षित बनने, संगठित रहने व समाज में व्याप्त कुरीतियों को बंद करने का आह्वान
शिक्षित बनने, संगठित रहने व समाज में व्याप्त कुरीतियों को बंद करने का आह्वान
संविधान निर्माता डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मनाई गई। इस मौके पर वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षित बनाने, संगठित रहने व समाज में व्याप्त कुरीतियों को बंद करने का आह्वान किया।
खाद्य भंडारन बोर्ड के चैयरमेंन जनार्दन सिंह गहलाेत ने कहा कि डा.भीमराव अंबेडकर ने दलितों के उत्थान के लिए जो कार्य किए उन्हें भुलाया नहीं जा सकता है। इसलिए हमें उनके आदर्शाें को जीवन में आत्मसात कर अपनाने चाहिए। इससे पूर्व अतिथियों ने डा.अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नगरपरिषद चैयरमेंन राजाराम गुर्जर ने भाईचारे व सौहाद्रपूर्ण वातावरण में रहने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश राजौरिया, सामाजिक कार्यकर्ता मदनमोहन स्वामी, बसपा नेता लाखन सिंह कटकड़ ने डा.अंबेडकर को दलितों का मसीहा बताते हुए उनके आदशों को जीवन में आत्मसात करने पर बल दिया। कार्यक्रम को करौली पंचायत समिति प्रधान इंदू जाटव, रामगिलास, पूर्व प्रधान रामकुमार बैरवा, प्रहलाद गुर्जर, भामाशाह हट्टीराम ठेकेदार, कन्हैयालाल सहित कई वक्ताओं ने संबोधित करते हुए डा.अंबेडकर की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर अरूण सारस्वत, शेरसिंह बैंसला, मनोज गर्ग बीडी वाले, जगनलाल जाटव, कल्याण लाल मीणा, केशर सिंह नरूका, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बद्रीलाल मीणा, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सैनी, डा.भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति पार्क के अध्यक्ष विजय जाटव, प्रभाव चौधरी, फूलचंद जाटव, एसीएम हेमराज परीडबाल सहित कई लोग उपस्थित थे।
कांग्रेसियों के नहीं आने पर जताई नाराजगी : समिति द्वारा अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी जाति या पार्टी विशेष का नहीं है क्योंकि डा.अंबेडकर सर्व समाज के नेता था गरीबों के मसीहा थे लेकिन आज इस कार्यक्रम के कांग्रेस पार्टी का कोई भी पदाधिकारी नजर नहीं आ रहा है यह बड़े अफसोस की बात है।
कार्यक्रम के दौरान कई वक्ताओं ने बताया कि जिला मुख्यालय पर हमेशा से सोहाद्रपूर्ण वातावरण रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण गत दिनों देखने को मिला। उन्होंने बताया कि जब 2 व 3 अप्रेल को देश व प्रदेश में उपद्रव, आगजनी की घटनाएं हो रहीं थी लेकिन करौली में माहौल शांतिपूर्ण रहा। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने वर्षों से चली आ रही परम्परा को तोड़ते हुए अंबेडकर जयंती पर रैली निकालने की अनुमति नहीं दी।
विभिन्न संगठनों ने मनाई अंबेडकर जयंती : डांग विकास संस्थान ने खान मजदूर सुरक्षा संगठन के सदस्यों के साथ, बाल्मीकि समाज जागृति मंच द्वारा हरिजन बस्ती में डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर जयंती पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित की।
करौली. अंबेडकर जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क में डा.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर मालयार्पण करते अतिथि।
करौली। कार्यक्रम को संबोधित करते नगरपरिषद चैयरमेंन व मंचासीन अतिथि।