एपीएल को 500 रुपए एवं बीपीएल को नि:शुल्क मिलेगा घरेलू बिजली कनेक्शन
नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता जौहरी लाल मीना ने कार्यभार संभाला
कार्यालय संवाददाता | करौली
जिले में घरेलू कनेक्शन लेने के लिए एपीएल उपभोक्ताओं को मात्र 500 रुपए खर्च करने पड़ेगे तो बीपीएल उपभोक्ताओं को नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन मिल जाएगा। यह बात नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता जौहरी लाल मीना ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने के दौरान कही।
अधीक्षण अभियंता जौहरी लाल मीना ने बताया कि जिले में 22 हजार एपीएल एवं 13 हजार बीपीएल के घरेलू कनेक्शन लगने बकाया है। इसमें से कुछ ने तो मांग पत्र एवं मांग पत्र की राशि भी जमा करा दी है लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्र में यह मांग पत्र की राशि 3500 रुपए के स्थान पर एपीएल परिवारों के लिए 500 रुपए तथा बीपीएल परिवारों के लिए नि:शुल्क कर दी गई है। साथ ही जिन्होंने मांग पत्र के साथ 3500 रुपए की राशि जमा कराई है उनका रिवाईज मांगपत्र भरवाया जाएगा। इसके लिए निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं 31 मार्च तक एग्रीकल्चर कनेक्शनों के लिए मांग पत्र भरने वाले उपभोक्ताओं को शीघ्र सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। किसी भी विद्युत चोरी निरोधक दस्ते में एईएन, जेईएन, लाईन मैन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों की टीम होगी। तब ही विद्युत चोरी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लोगों को 24 घंटे बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही करौली जिला मुख्यालय पर उपभोक्ताओं की समस्याओं के लिए एक कंट्रोल रुम का गठन किया गया है। जिसमें जयपुर की तर्ज पर इंटेल कंपनी को ठेका दे दिया गया है। जो उपभोक्ताओं की उचित समस्या का समाधान करेंगे और उसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रस्तुत होगी और ऑनलाईन भी रहेगी। लोगों को उच्च गुणवक्तापूर्ण बिजली निर्वाद रुप से मिल सके इसका पूर्ण प्रयास किया जाएगा। इस दौरान एक्सईएन प्रमेन्द्र रंजन, एईएन वैभव भूषण उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। गौरतलब है कि बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता बी.एस.मीना का तबादला होने के बाद जौहरी लाल मीना को करौली अधीक्षण अभियंता लगाया गया है। जिन्होंने शुक्रवार शाम को पदभार औपचारिक रुप से ग्रहण कर लिया था। इसके बाद उन्होंने सोमवार को बिजली निगम के सभी अधिकारियों से जिले की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें उचित दिशा निर्देश दिए।