- Hindi News
- National
- टोडाभीम की छात्रा से सामूहिक ज्यादती मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा
टोडाभीम की छात्रा से सामूहिक ज्यादती मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा
भास्कर न्यूज | टोडाभीम (हिंडौन)
नाबालिग स्कूली छात्रा का अपहरण कर सामूहिक ज्यादती मामले में फरार चल रहे दो युवकों को टोडाभीम पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को एएसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव सुजानपुरा में दबिश दी और दुष्कर्म के मामले में सुजानपुरा के दिनेशचंद बैरवा व दौसा के गांव ठीकरिया निवासी संतोष को दबोच लिया। दोनों ही युवक गांव से बाहर दूसरे शहर में भागने की फिराक में थे। मामले में एक दिन पूर्व ही छात्रा के परिजनों ने करौली पहुंचकर एसपी से आरोपितों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई थी। परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में सुजानपुरा के दिनेशचंद बैरवा को नामजद किया गया था, जबकि पुलिस जांच के बाद संतोष का नाम सामने आया था।
डीएसपी प्रकाशचंद ने बताया कि पीडि़ता छात्रा के पिता ने 5 अप्रैल को टोडाभीम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अप्रैल दोपहर 12 बजे उसकी नाबालिग पुत्री कुछ सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। उसी दौरान पुरानी तहसील टोडाभीम के पीछे पहले से ही मौजूद सुजानपुरा निवासी दिनेशचंद बैरवा अपने एक साथी के साथ बाइक से आया और उसकी पुत्री का अपहरण कर ले गया और एक कमरे में पुत्री को लेकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर पीडिता के परिजनों एवं अन्य ग्रामीणों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर रोष बना हुआ था।
एक नामजद था, दूसरा भी निकला कसूरवार, भागने की फिराक में थे
एएसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीडिता के पिता की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में सुजानपुरा के निवासी दिनेशचंद बैरवा को नामजद किया गया था, जबकि दूसरे साथी का नाम नहीं था। पुलिस जांच के बाद दूसरे साथी के रूप में दौसा के ठीकरिया निवासी संतोष बैरवा का नाम शामिल आया। ये दोनों ही आरोपित मंगलवार को गांव सुजानपुरा में थे और गांव से बाहर जाने की फिराक में थे। दोनों आरोपितों के गांव सुजानपुरा में होने की जानकारी मुखबिर से मिली थी। जिस पर पुलिस टीम के साथ दबिश देकर गिरफ्तार किया। इन दोनों युवकों ने पुलिस से बचने के लिए भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।