पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • किराएदार ने किया था बुजुर्ग दंपती का अपहरण, करौली ले जाकर की हत्या

किराएदार ने किया था बुजुर्ग दंपती का अपहरण, करौली ले जाकर की हत्या

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज| लाखेरी (बूंदी)

बुजुर्ग दंपती का अपहरण कर हत्या करने के घटनाक्रम का तीन माह के बाद पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी दंपती घनश्याम व राजकुमारी को करौली से गिरफ्तार करना बताया है।

पुलिस के अनुसार लाखेरी के रेलवे स्टेशन क्षेत्रवासी हजारीलाल और प|ी कैलाशीबाई का अपहरण करने के बाद हत्या करने के मामले में दोनों मुख्य आरोपी बताए गए थे, जिन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पहले दोनों बुजुर्ग दंपती का कोटा से अपहरण किया, बाद में दोनों की करौली जिले के सातलपुर इलाके में हत्या कर दी। इसमें पुलिस ने पहले ही वारदात में शामिल सहअभियुक्त मुखराम को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में ही घनश्याम व राजकुमारी का नाम सामने आया था। घनश्याम बुजुर्ग दंपती के यहां बतौर किराएदार 6 माह से रह रहा था। दोनों मुख्य आरोपी को पुलिस ने देरशाम स्थानीय न्यायिक मजिस्ट्रेट विनीत कुमार के समक्ष पेश किया। जहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। फिलहाल पुलिस प्रकरण में कुछ अनसुलझे रहस्य से पर्दा उठाने के प्रयास में है। वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी को भी पुलिस गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

लाखेरी निवासी हजारीलाल और प|ी कैलाशीबाई के गुमशुदा होने की रिपोर्ट उनके फौजी बेटे विजय कुमार ने 8 जनवरी को कोटा के उद्योगनगर थाने में दर्ज कराई थी। तब काॅल डिटेल के आधार पर लाखेरी का मसला निकलने पर यहां प्रकरण दर्ज हुआ। पुलिस ने 27 जनवरी को केस दर्ज करके सहअभियुक्त मुखराम को पकड़ा। इसने घनश्याम व राजकुमारी के साथ हत्या करना बताया, तभी से पुलिस दोनों मुख्य आरोपी की तलाश में थी। घटना के समय दोनों दंपती कोटा ही रहते थे।

पुलिस ने एक हजार काॅल डिटेल खंगाली
बुजुर्ग दंपती की हत्या के बाद पुलिस ने तह में जाने के लिए एक हजार से अधिक काॅल डिटेल को खंगाला। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। वारदात की तह तक जानें में जिले की पूरी पुलिस लगी रही। दोनों मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फिलहाल भूखंड की खरीद-फरोख्त और जेवरात हड़पने का मसला सामने आ रहा है। प्रथम स्तर पर यह बात सामने आई थी कि घनश्याम बुजुर्ग दंपती के यहां किराएदार था, उसने एक भूखंड का सौदा किया और यहीं से बात बिगड़ी। बात कैसे बिगड़ी, इस पर पुलिस जांच में जुटी है।

शवों की बरामदगी तक नहीं हुई

पुलिस ने भले ही दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन पुलिस अभी तक इस वारदात में मुख्य उद्देश्य तक नहीं पहुंच पाई है कि आखिरकार किस कारण से बुजुर्ग दंपती की हत्या की गई। वहीं, चोरी गए जेवरात और भूखंडों के दस्तावेज भी सामने नहीं आए। सबसे महत्वपूर्ण कि आखिरकार दंपती की हत्या हुई है तो शवों की बरामदगी अभी तक कैसे नहीं हुई।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में किराएदार घनश्याम ने पहले घर में चोरी की। पूछताछ के बहाने दोनों को करौली ले गया। जहां दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य बरामद किए हैं, लेकिन यह सब घटना की सत्यता को तस्दीक नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस वारदात के असली मकसद की तलाश में है।

अब वारदात के उद्देश्य पर होगी जांच

बुजुर्ग दंपती के अपहरण और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी घनश्याम व राजकुमारी को गिरफ्तार किया है। अब वारदात का उद्देश्य और अन्य लोगों के शामिल होने पर जांच करेंगे। कौशल्या गालव, एसएचओ, लाखेरी

खबरें और भी हैं...