कठुआ में मासूम के साथ दरिंदगी करने वालों को दी जाए फांसी
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म कर जघन्य हत्या को अंजाम देने वाले आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर अभिमन्यु कुमार को ज्ञापन दिया है।
महासभा के जिलाध्यक्ष हाकिम सिंह गुर्जर ने बताया कि अल्पसंख्यक देशभक्त गुर्जर बक्कवाल समुदाय को सोची समझी साजिश के तहत इलाके से हटाने के लिए बर्बरतापूर्ण तरीके से यह कुकृत्य किया गया। आठ साल की मासूम की दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म कर यातनाएं देकर निर्मम तरीके से हत्या भी कर दी। अमानवीयता की हदें पार करने वाले दोषियों को वहां का शासन व प्रशासन बचाने की कोशिश भी कर रहा है,जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना ने महिला सुरक्षा के मुंह पर तमाचा मारा है। उन्होंने आसिफा खार के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। इस दौरान आशाराम गुर्जर,पिंटू, गजराजसिंह, अशोक बैंसला, अमृत गुर्जर, मनीष मावई, संतोष माली, बबली गुप्ता, सौरभ जिंदल मौजूद थे।