पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खेत में खड़ी फसल जबरन काटी और जातिसूचक शब्दों से किया अपमानित

खेत में खड़ी फसल जबरन काटी और जातिसूचक शब्दों से किया अपमानित

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सपोटरा |ग्राम पंचायत सैमरदा की एक अनुसूचित जाति की 60 वर्षीय विधवा महिला ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ उसकी खातेदारी के खेत में खड़ी सरसों की फसल को जबरन काटकर ले जाने तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला पुलिस ने बुधवार को न्यायायल के निर्देश पर दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित शांति बैरवा ने आरोप लगाया कि 16 मार्च की सुबह करीब 8 बजे आरोपी अतर सिंह,बदन,नरसी,सिया,जयलाल गुर्जर निवासी गैरई की गुआड़ी उसकी गैरई गांव में स्थित खातेदारी भूमि खसरा नं. 155 रकबा 2 बीघा 17 बिस्वा में खड़ी सरसों की फसल को जबरन काटकर ले गए तथा उलाहना देने पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर मारपीट करने पर आमादा हो गए। इस पर उसने भागकर जान बचाई। लेकिन आरोपी एक लाख रुपए कीमत की फसल को जबरन काटकर चोरी कर ले गए। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

सनेट में 50 लाख की लागत से बनेगी सड़क, लोगों की राह होगी आसान

पटोंदा/ हिंडौन ग्रामीण |गांव सनेट में गौरवपथ योजना में 50 लाख की लागत से बनी सड़क का शनिवार को एक समारोह के दौरान विधायक राजकुमारी जाटव ने फीता काटकर एवं शिलापट्टिका का अनावरण कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सड़क बनने से कई गांवों के लोगों की राह आसान हो सकेगी। भाजपा सरकार की ओर से कई सरकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा हैं, जिनका लाभ उठाया जाना चाहिए। ग्रामीणों की ओर से विधायक का स्वागत किया गया। इस मौके पर समाज सेवी हेमेन्द्र सिंह ,देवेंद्र कांदरौली, कुलभान सिंह, विधायक के निजी सचिव ओपी चौधरी, ग्राम पंचायत सरपंच अविनाश जगरवाड़ आदि मौजूद थे।

रानेटा गांव में 6 माह से जनता जल योजना बंद, ग्रामीण परेशान

नारौली डांग |गांवों में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन कितना गंभीर है इसकी पोल वर्षों पहले बनाई गई भूतल टंकियां खोल रही हैं। टंकियों में पानी पहुंचाने के लिए ना तो पंचायत प्रशासन को पाबंद किया है और ना ही किसी अधिकारी ने मौके पर जाकर हालातों से रूबरू होने की जहमत उठाई है। राजस्थान युवा आदिवासी मीणा महासभा के जिला महासचिव यादराम मीना ने बताया कि ग्राम पंचायत चौड़ागांव के रानेटा गांव में लगभग 5 वर्ष पूर्व पेयजल की समस्या को देखते हुए तीन टंकियों का निर्माण कराया गया। टंकियों को भरने के लिए नलकूप लगाकर विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई कर पेयजल आपूर्ति भी शुरू कर दी गई। इससे इन टंकियों से पानी की आपूर्ति हुई तो लोगों की उम्मीद जगी पर इसके बाद गत करीब 6 माह से जलापूर्ति बंद कर दी गई। टंकियों से जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होने से गांव के एक दो हैंडपंपों पर दिनभर पानी भरने वाले ग्रामीणों की भीड़ लगी रहती है।

इस बारे में जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता रामलाल मीना ने बताया कि रानेटा गांव की जलयोजना अभी संवेदक के अधीन पांच साल की गारंटी अवधि में है। जल योजना से पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी संवेदक की ही है।

जिला कारागृह में हुआ बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण

करौली| जिला कारागृह में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा शिविर का शनिवार को आयोजन किया गया। शिविर में एचआईवी और क्षय रोग की जांच कर उपचार के लिए परामर्श दिया गया। शिविर का आयोजन साथी संस्थान व जिला क्षय रोग निवारण केंद्र द्वारा किया गया। केंद्र के सकरूद्दीन खान ने बताया कि जिला जिला क्षय रोग उपचार केंद्र द्वारा राज्य सरकार के निर्देश व साथी संस्थान के माध्यम से जिला कारागृह में बंदियों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 101 रोगियों की जांच कर एचआईवी और क्षय रोग की जांच की गई। इस दौरान 12 बंदियों के रक्त और कफ के नमूने संकलित किए गए। गौरतलब है कि बंदियों के लिए 4 साल बाद जिला कारागृह में एचआईवी और क्षय रोग जांच शिविर का आयोजन किया है।

श्री दिगंबर जैन मंदिर के कर्मचारियों ने मांगों के लिए किया धरना प्रदर्शन

श्रीमहावीरजी |कस्बा स्थित श्री दिगंबर जैन मुख्य मंदिर के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि व अन्य बारह मांगों को कमेटी द्वारा स्वीकार नहीं करने पर कर्मचारियों ने आक्रोशित होकर शनिवार को मुख्य मंदिर के मैनेजर कार्यालय के सामने पश्चिमी पंडाल में बैठकर धरना प्रदर्शन किया। श्रीमहावीरजी तीर्थ क्षेत्र कर्मचारी संघ यूनियन के अध्यक्ष भरत सिंह गुर्जर, महामंत्री वीरेंद्र सिंह राजपूत आदि ने बताया कि मुख्य मंदिर में करीब चार सौ कर्मचारी काम कर रहे हैं। पूर्व में हर वर्ष वेतन वृद्धि होती थी लेकिन मंदिर कमेटी ने दो वर्ष से किसी प्रकार की वेतन बढ़ोतरी नहीं की गई। साथ ही कर्मचारियों से संबंधित ग्यारह अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने बताया कि जब तक कमेटी बारह मांगों को मान नहीं लेती तब तक यह धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।

खबरें और भी हैं...