अंधड़ से पेड़ गिरे, कई गांवों में अंधेरा
जिला मुख्यालय सहित आसपास के गांवों में मंगलवार सायं करीब 5 बजे तेज आंधी के साथ बूंदाबादी भी हुई। इससे बीते कई दिनों से निरंतर बढ़ते तापमान व भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बाद में मौसम साफ हो जाने से बड़ा सुकून भी मिला। हालांकि करीब आधा घंटे तक मार्ग में उड़ते धूलभरे गुबार और तीव्र हवा के वेग से वाहन चालक व राहगीरों को बड़ी दिक्कत भी हुई। हल्की बारिश के बाद ठंडी हवाओं के चलने के साथ मौसम सुहाना हो गया, जिससे आमजन को उमस व गर्मी से बड़ी राहत मिली। अंधड़ के कारण पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं तो कच्ची बस्तियों व घरों के टीनशेड उड़ गए।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय पर पिछले कई दिनों से 45 डिग्री के पार तापमान होने से आमजन लू के थपेड़ों से झुलसने को मजबूर है। वहीं प्रात:काल ही सूर्य की तल्खी के कारण भीषण गर्मी से आमजन का हाल-बेहाल है। लू के थपेड़े व खान-पान के कारण इन दिनों मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। सरकारी अस्पताल हाउसफुल हो रहे हैं।
गर्मी के मौसम में बिजली की कटौती एवं देहात क्षेत्र में तो बिजली की बाधित सप्लाई भी बैरन बनी हुई है। तेज अंधड़ के कारण बिजली आपूर्ति भी बंद रखी गई। आंधी से जनजीवन प्रभावित रहा,मगर हल्की बूंदाबांदी से मौसम में तरावट आने व मंद-मंद ठंडी हवा के चलने से लोगों को सुकून मिला।
मौसम का मिजाज बिगड़ा
सपोटरा| उपखंड में दोपहर मौसम का मिजाज बिगड़ने से आए अंधड़ ने जन जीवन का अस्त व्यस्त करने के साथ गांवों में कई पेड़ों को धराशाही करने के साथ छप्परपोश को उड़ा दिया गया। दूसरी ओर बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मंगलवार की दोपहर 12 बजे आसमान में काले बादल छा गये तथा तीन बजे अचानक तेज अंधड़ ने समूचे क्षेत्र को आगोश में ले लिया। धूलभरी आंधी का बवंडर चलने से जहां कस्बों व गांवों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया वहीं हाड़ौती,गाेठरा,भरतून,ड़ाबरा आदि क्षेत्रों में खेतों व गांवों में खड़े कई पेड़ों को धराशाही करने के साथ छप्परपोश को उड़ा दिया गया। इधर,कई इलाकों में बूंदाबांदी होने से भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं पंचायत समिति में विकास अधिकारी कार्यालय के पास एक पेड़ के गिरने से हादसा टल गया।
बंूदाबांदी से मिली राहत
नारौली डांग| स्थानीय कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में दिन मे तेज धूप और लू के थपेड़ों से जहां लोग परेशान हो गए, वहीं शाम को आई तेज आंधी और हल्की बूंदा-बांदी ने मामूली राहत भी मिली।
जीरोता| तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि शाम पौने चार बजे तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे कुछ दिनों से सता रही गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
अंधड़ से गिरे सैकड़ों पेड़, पोल गिरने से बिजली व्यवस्था ठप
टोडाभीम| उपखंड क्षेत्र में शाम 4 बजे तेज अंधड़ से सैकड़ों पेड धराशाही हो गए वहीं पोल टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात बिजली व्यवस्था ठप रही। सड़क पर उखड़ कर गिरे पेड़ों से घंटों तक लोगों का आवागमन बाधित रहा। मंगलवार को सुबह से मौसम साफ था और चिलचिलाती धूप से झुलसा देने वाली गर्मी से लाेग परेशान दिखाई दिए लेकिन शाम 3 बजे अचानक दूर आसमान में धूल के उठते गुब्बार देख लोग को आंधी संभावना बन गई। शाम 4 बजे धूल भरी तूफानी हवाओं का दौर शुरू हो गया जिससे क्षेत्र में सैकड़ों पेड धराशाही हो गए वहीं पोल टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक बिजली व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी।
करौली. जिला मुख्यालय पर मंगलवार शाम को आई बरसात से सड़क पर पानी।
टोडाभीम. तूफानी हवाअों से मंगलवार को शाम बजे सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। वहीं बिजली पोल टूटने से कई गांवों में देर रात तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई।