मासलपुर से हाल ही करौली पदस्थापित हुए तहसीलदार धीरेंद्र सोनी का बीते दिवस एक ऑडियो वायरल होने के मामले में कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही इस मामले की जांच कार्यवाहक एडीएम गौरव अग्रवाल को सौंपी है। कलेक्टर ने कहा कि जो भी दोषी होगा,जांच के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चैनपुर बर्रिया हल्का के पटवारी देवव्रत मीणा और तहसीलदार धीरेंद्र सोनी के बीच हुई वार्ता वाले ऑडियो के मामले को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। हालांकि, हाल ही पटवारी मीना का तबादला कलेक्टर ने सपोटरा के बड़ोदा किया था। इसके बाद ही यह ऑडियो वायरल हुआ है। जबकि तहसीलदार धीरेंद्र सोनी का इस मामले में कहना है कि पटवारी से उनकी निजी बात थी,सरकारी कार्य को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई थी। पटवारी के द्वारा जो ऑडियो वायरल किया,वह उचित नहीं है।
करौली को कम मलाई वाली व गंदी जगह बताया था
वायरल हुए ऑडियो में एक पटवारी ने मोबाइल पर कॉल करके तहसीलदार को करौली पदस्थापन होने पर बधाई दी। इस पर तहसीलदार करौली से अच्छी पोस्टिंग तो मासलपुर बता रहे हैं और करौली को गंदी जगह कहते हुए बोल रहे हैं कि यहां माथाकूट की जगह मलाई भी तो होनी चाहिए। यहां जितनी माथाफोड़ी है,उसकी तुलना में मलाई का अनुपात बराबर नहीं है।