नगर परिषद की साधारण सभा की बैठक गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में हुई। इसमें पेयजल की समस्या को लेकर पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। पार्षदों ने बताया कि क्षेत्र में सभी वार्डों में पेयजल की भारी किल्लत है। कहीं 7 दिन में तो कहीं 3 दिन में पानी आ रहा है। तो कई मोहल्लों में सालों से पानी पहुंच नहीं पाया है। कई मोहल्ले जैसे तांबे की टोरी, नंबर 6 स्कूल वाली गली आदि स्थान ऐसे है जहां के लोगों को अब पेयजल समस्या के कारण करौली छोड़ने की विवशता बनी हुई है। बैठक में रामेश्वर प्रजापत ठेकेदार, बबलू शुक्ला, मंजूर अहमद पठान, अर्चना सेठी, पुनीत शर्मा, ऋषि शर्मा, दीपक शाक्यवार, अनीस, आसिफ, इरशाद, मिथलेश, माधुरी, भावना सोनी, लक्ष्मी बाई, राधेश्याम अग्रवाल, मुकेश पचौरी, अनूप शर्मा, भूपराम शर्मा, दुर्जन सिंह, रज्जाउल्ला खान आदि उपस्थित रहे।
बिजली व जलदाय अिधकारियों को ठहराया दोषी
नगर परिषद के पार्षदों ने इसके लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को दोषी बताते हुए उन पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं कुछ पार्षदों ने पेयजल समस्या को लेकर बिजली विभाग पर भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए। नगर परिषद आयुक्त विजय प्रताप सिंह एवं सभापति राजाराम गुर्जर और उपसभापति अजय प्रजापत ने जलदाय विभाग की जेईएन एवं एईएन को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ठेकेदार रामेश्वर प्रजापत ने राइजिंग लाइन से कनेक्शनों को हटवाने, अवैध कनेक्शनों को काटने, लीकेजों को सही करने की बात कही। सभापति राजाराम गुर्जर ने पार्षदों सेअपने वार्ड में स्थान चिन्हित कर एलईडी की संख्या बताने की बात कही।
इसलिए भी रोष : वार्डों में विकास के प्रस्ताव बन जाते हैं, लेकिन पार्षदों को जानकारी नहीं
करौली. नगर परिषद की बैठक में पेयजल के मुद्दे पर हंगामा करते पार्षद।
पेयजल समस्या हल के लिए 5 सदस्य कमेटी गठित,
नगर परिषद सभापति राजाराम गुर्जर एवं उपसभापति अजय प्रजापति ने शहर में व्याप्त पेयजल समस्या को देखते हुए नगर परिषद के पार्षदों की 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है जो प्रत्येक वार्ड में जाकर पेयजल की समस्या से रूबरू होंगे और जलदाय विभाग के कार्मिकों को समस्याओं के बारे में बताते हुए उनका जल्द से जल्द समाधान कराएंगे।
हिदायत : महिला कार्मिक होने का नहीं उठाएं फायदा
पार्षदों ने पेयजल समस्या को लेकर दोनों महिला कार्मिकों पर आरोप लगाए और उन्हें रिलीव करने के प्रस्ताव लेने की बात कही। सभापति ने दोनों महिला जेईएन को कहा कि वह महिला कार्मिक होने का लाभ नहीं ले और पेयजल समस्या का शीघ्र ही निस्तारण करें। अन्यथा दोनों महिला कार्मिकों को तत्काल रिलीव कर दिया जाएगा।
नगर परिषद में मीटिंग हॉल निर्माण के लिए सांसद ने दिए 20 लाख रुपए
बैठक के खत्म होने से कुछ समय पहले ही करौली-धौलपुर सांसद मनोज राजोरिया पहुंचे और सभापति राजाराम द्वारा नगरपरिषद क्षेत्र में अब तक कराए गए 30 करोड़ के कामों पर उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि अब तक 50 साल के कार्यकाल में किसी भी नगर परिषद सभापति ने शहर के लिए इस तरह के कोई भी कार्य नहीं कराए हैं। वही इस दौरान नगर परिषद के पार्षदों ने सांसद से नगर परिषद को लाभ देने की बात कही तो सांसद मनोज राजोरिया ने नगर परिषद में मीटिंग हॉल के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
पार्षद पंकज लवानिया, अशोक वर्मा, कल्याण तिवाडी, मंजूर अहमद पठान आदि ने कहा कि वार्डों में काम हो जाते हैं, वार्डों में कार्य के लिए प्रस्ताव भी बन जाते हैं लेकिन पार्षद को इसका कोई पता नहीं लगता। यह गलत है। पार्षद को बताकर ही उसके वार्ड में कार्य होना चाहिए। वहीं कई पार्षदों ने स्वच्छ भारत मिशन के लिए बनाए जाने वाले शौचालयों की द्वितीय, तृतीय किश्त का भुगतान वार्डवासियों को नहीं होने की बात कही। सभापति राजाराम गुर्जर ने बताया कि नगर परिषद द्वारा जल्द ही सफाई व्यवस्था के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली की खरीद की जानी है। पार्षदों ने कहा कि आगे से नगर परिषद द्वारा कोई भी निर्माण संबंधी या अन्य प्रस्ताव लेने से पूर्व बोर्ड की बैठक में सभी पार्षदों को जानकारी देने के बाद ही प्रस्ताव को पास किया जाएगा। इस पर नगर परिषद आयुक्त एवं सभापति ने सहमति जताई। वही पार्षदों ने ट्रांसपोर्ट नगर के नाम से खाली पड़ी बेशकीमती भूमि का उपयोग करने की भी बात कही।
एडवोकेट एवं पत्रकार कॉलोनी के लिए उठी मांग
इधर सदन की बैठक के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह एडवोकेट, नगेन्द्र व्यास, गजेंद्र शर्मा, महेंद्र मुदगल आदि ने वकीलों के लिए बनाई जाने वाली कॉलोनी का पूर्व में लिए गए प्रस्ताव को लेकर नगर परिषद सभापति से वार्ता की और इसे जल्दी से जल्दी क्रियान्वयन करने की बात कही। वही पार्षद अनीस, ऋषि शर्मा, पंकज लवानिया, आदि ने भी पत्रकारों के लिए कॉलोनी बनाने के पूर्व में लिए गए प्रस्ताव को शीघ्र क्रियान्वित करने की मांग की। नगर परिषद के पार्षदों ने सभापति राजाराम गुर्जर एवं आयुक्त विजय प्रताप सिंह को नगरपरिषद क्षेत्र की समस्याओं के लिए ज्ञापन दिया है।