करौली| शुक्रवार को अपनी ड्यूटी खत्म करके गांव जा रहे एक नर्सिंग कर्मी की मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मासलपुर अस्पताल के नर्सिंग कर्मी भूर सिंह मीना अपनी ड्यूटी खत्म करके मोटरसाइकिल से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल के आगे कुत्ता आने ने से मोटरसाइकिल फिसल गई। जिससे मीना घायल हो गए। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें करौली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
अवध एक्सप्रेस से जा रही युवती हिंडौन स्टेशन पर लापता
हिंडौनसिटी| परिजनों के साथ नागदा से बान्द्रा गोरखपुर (अवध) एक्सप्रेस से गोरखपुर जा रही एक 20 वर्षीय युवती गत दिवस गायब हो गई। युवती के भाई ने गंगापुर जीआरपी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीआरपी चौकी प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि बिरला ग्राम नागदा निवासी महताव आलम ने गंगापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 20 वर्षीय बहिन जरीना खातून पुत्री मकबूल अली 6 मई को परिजनों के साथ अवध एक्सप्रेस जा रही थी। हिंडौन स्टेशन तक वह उनके साथ थी लेकिन ट्रेन के हिंडौन स्टेशन पर रुकने के बाद से वह गायब हो गई। उसकी सभी डिब्बों में तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।
बजरी का अवैध खनन करते दो गिरफ्तार, ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
सूरौठ| सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद भी बजरी का अवैध खनन रुक नहीं रहा है। बनास नदी से बजरी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर का भरतपुर जिले की ओर ले जा रहे दो जनों को सूरौठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है पुलिस ने बजरी से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया है ।थाना प्रभारी सैयद शरीफ अली ने बताया कि भरतपुर जिले के बयाना थाने के ग्राम गाजीपुर निवासी शमशेर गुर्जर एवं जगदीश गुर्जर बनास नदी से बजरी का अवैध खनन कर भरतपुर जिले की ओर ले जा रहे थे ।यहां भरतपुर गंगापुर मेगा हाईवे पर टेलीफोन टावर के पास थाने के हेड कांस्टेबल घनश्याम सिंह ने बजरी से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया तथा ट्रैक्टर चलाने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हड़ताली मनरेगा संविदा कार्मिकों को अनुबंध समाप्ति की चेतावनी
सपोटरा| पंचायत समिति के विकास अधिकारी अजीत सिंह सहरिया ने संविदा अनुबंध पर कार्यरत रोजगार सहायक,लेखा सहायक,कम्प्यूटर व डाटा एंट्री ऑपरेटर,एमआईएस तथा सहायक कर्मचारियों को नोटिस थमाकर तीन दिवस में अपनी उपस्थिति कार्यालय में दर्ज कराने के लिए पाबंध किया है। अन्यथा संविदा कार्मिकों के विरुद्ध अनुबंध समाप्त करने की चेतावनी दी गई। बीडीओ ने बताया कि संविदा कार्मिक अपनी मांगों के समर्थन में गत दिनों से कार्य बहिष्कार कर सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण मनरेगा का कामकाज ठप पड़ा हुआ है। जिससे केन्द्र व राज्य सरकार की योजना प्रभावित होने के कारण ग्राम पंचायतों के विकास कार्य अवरूद्ध होने के साथ लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। जबकि नियमानुसार संविदा पर नियोजित कार्मिकों को अनुचित आचरण पर अनुबंध निरस्त किया जा सकता है।
जुआ खेलते 6 गिरफ्तार, 21480 रुपए बरामद
हिंडौन ग्रामीण| सदर पुलिस ने कोटरी गांव में ताश के पत्तों से जुआ खेलते 6 जनों को गिरफ्तार कर 21 हजार 480 रुपए बरामद किए हैं।
सदर थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कोटरी गांव में ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर हैड कांस्टेबल खेमसिंह, देशवाल, रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल नारायण सिंह, अतरसिंह, राजाराम आदि मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। जहां पर ताश के पत्तों से जुआ खेलते कोटरी गांव निवासी रामबाबू जोगी, जगदीश सिंह, कल्लानराम, हरिप्रसाद, पालानपर के कल्लूराम व देवचंद को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 हजार 480 रुपए व ताश के पत्ते बरामद किए हैं।