करौली. न्याय आपके द्वार अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायतों में लगने वाले शिविरों की समीक्षात्मक जानकारी लेते कलेक्टर अभिमन्यु कुमार।
कार्यालय संवाददाता.करौली
कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने कहा कि राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविरों में हर पात्र व्यक्ति को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। सभी विभागीय अधिकारी सकारात्मक सोच के साथ अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने की यह सोच व मंशा सुनिश्चित कर लें। शनिवार को अटल सेवा केन्द्र के वीसी कक्ष में आयोजित अभियान से सम्बन्धित बैठक में कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से प्रगति की समीक्षा के दौरान यह बात कही।
कुमार ने कहा कि न्याय आपके द्वार शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक पट्टा देने एवं कोई भी पत्रावली पेंडिंग नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिवायचक भूमियों पर मकान बना लिये हैं, उनकी जांच एवं सर्वे कराकर पट्टा जारी किए जाएं। शिविर में रास्ते से सम्बन्धित अतिक्रमणों की शिकायत आती है तो उन्हें प्राथमिकता के साथ हटवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि न्याय आपके द्वार शिविर में खाता विभाजन, बंटवारा एवं पुराने प्रकरणों का निस्तारण ज्यादा से ज्यादा किए जाने की बात कही। उन्होंने न्याय आपके द्वार अभियान में भागीदारी निभा रहे 15 विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों को शिविरों में पूर्व तैयारियों के साथ ही भेजें। ताकि शिविर में ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाया जा सके। कृषि विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जो कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें अच्छे ढंग से किया जाए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ उपखण्ड अधिकारीगण उपस्थित थे।
रिपोर्ट भेजने में ढिलाई बर्दाश्त नहीं
जिप सीईओ गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को नरेगा में रिकवरी कर सोमवार तक रिपोर्ट भिजवाने, विधानसभा प्रश्नों का उत्तर भिजवाने एवं सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ-साथ सभी विकास अधिकारियों को उपलब्ध बजट के अनुसार अधिकतम स्वीकृतियां जारी करने, जहां काम शुरू हो गये है उन्हें पूर्ण करने एवं प्रारंभ नहीं होने वाले कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा यूसी एवं सीसी शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए।