भास्कर न्यूज | सपोटरा/सलेमपुर
राज्यसभा सांसद डाॅ.किरोड़ीलाल मीणा एवं करौली-धौलपुर सांसद डॉ.मनोज राजोरिया ने रविवार को ग्राम पंचायत बालौती में चार दिवसीय हेला ख्याल एवं पद दंगल में शिरकत की। उन्होंने दंगल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार दलित व आदिवासी वर्ग के लोगों के आरक्षण की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। दूसरी ओर आरक्षण से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होने की लोगों से बात कही।
राज्यसभा सांसद डॉ.मीणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2 अप्रैल को एसटी-एससी के लोगों से जातिगत वैमनस्यता फैलाने के लिए आरक्षण खत्म होने का दुष्प्रचार कर उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हुए तोड़फोड़ आदि की घटनाएं कराई हैं। वहीं राज्य सरकार ने उनके खिलाफ हुए संगीन धाराओं के मामले वापिस लेकर सामाजिक समरसता बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने अन्य नेता खड़ाकर उनको राजनीति में सफल नहीं होने दिया। लेकिन भाजपा की अटलबिहारी सरकार ने आरक्षण 20 साल तक बढ़ाकर सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम भाईचारा एकता के प्रतीक के साथ लोगों में धर्म का प्रभाव बढ़ाकर युवाओं में संस्कार की भावना पैदा करता है।
करौली-धौलपुर सांसद डॉ.मनोज राजोरिया ने भाजपा सरकार की 36 हजार करोड़ के ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट की जानकारी दी। यह प्रोजेक्ट केन्द्र सरकार के पास विचाराधीन है, इससे 13 जिलों में पीने के पानी व सिंचाई का पानी खेत-खेत में पहुंचाने की बात कही। दूसरी ओर करौली जिले में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए डॉ. किरोड़ीलाल के साथ मिलकर जनता की सेवा करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश मंत्री भरतलाल, जिलाध्यक्ष रूपसिंह मीणा, भरतलाल पीटीआई, पूर्व विधायक सुखलाल मीणा, प्रहलाद दीवानपुरा, बद्रीलाल सीटीओ, पूर्व प्रधान रामकुमार बैरवा, पूर्व सरपंच गणपत डांगी, गिर्राज रूंडी, समयराज ड़ाबरा, रामधन ड़ाबिर, अमरसिंह मंडरायल, मूंगेपुरा सरपंच संगीता मीना,श्रीलाल फाैजी, वासुदेव, प्रताप पाकड़, बृजलाल ड़िकोलिया, हरकेश मीणा, रंजन मुखर्जी, बालौती सरपंच रामकन्या,रूपसिंह, लक्ष्मणसिंह जादौन आदि उपस्थित थे। मंच संचालन हंसराज बालौती ने किया।
विधायक पर साधा निशाना
राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने उपनेता प्रतिपक्ष एवं सपोटरा विधायक रमेशचंद मीणा पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं कर लोगों को झूठे मामलों में फंसाया है। दूसरी ओर रघुवीर को फर्जी दस्तावेजों से अभय कुमार बनाकर जिला प्रमुख के पद पर बैठाकर धोखाधड़ी व ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरकेश मीणा ने लोगों से विधायक को विधानसभा चुनाव 2018 में सबक सिखाने पर जोर दिया।
खिरखिड़ा को पांच लाख की सौगात
सांसद डॉ.मनोज राजोरिया ने कांग्रेस पार्टी पर सत्ता में रहते हुए 60 सालों में कोई विकास नहीं कराने तथा भाजपा सरकार की 3-4 साल के विकास की फेहरिस्त से लोगों को रूबरू कराया गया। वहीं जिलाध्यक्ष रमेश राजोरिया ने केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने पर जोर दिया। इधर,पूर्व सरपंच रामसिंह बालौती की मांग पर राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने खिरखिड़ा गांव में विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
51 किलो की माला पहनाकर स्वागत, तोपों से सलामी दी
दोनों सांसदों को बडी संख्या में पंच-पटेल,युवा व ग्रामीण गांव की तलाई से कार्यक्रम स्थल तक ओपन जीप से गाजे-बाजे के साथ लेकर गए। ग्रामीणों ने साफा व माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। गांव में बैंडबाजों से जुलूस निकालकर सम्मान में तोपों की सलामी भी दी। वहीं शिक्षक संघ ने 51 किलो की माला पहनाकर दोनों सांसदों का पंच-पटेलों ने माला व साफा पहनाकर स्वागत किया।
मां की स्मृति में निर्मित हॉल का लोकार्पण
गांव बालौती के राउमावि में रामसिंह बालौती की ओर से उनकी माता सकुबाई की स्मृति में नवनिर्मित हॉल का राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीना एवं करौली-धौलपुर सांसद डा.मनोज राजोरिया ने लोकार्पण किया। वहीं इसी विद्यालय में रमसा के स्वीकृत दो हॉल के निर्माण के लिए दोनों सांसदों ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। सांसद मीना ने ग्रामीणों की मांग पर बालौती से बाढ़ सलेमपुर तक डामरीकृत सड़क का निर्माण कार्य 15 दिवस में शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
सपोटरा. गांव बालौती में समारोह में राज्यसभा सांसद व करौली-धौलपुर के सांसद डॉ.मनोज राजोरिया का किया स्वागत।
सपोटरा. गांव बालौती में रविवार को आयोजित दंगल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते सांसद।