करौली. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक लेते कलेक्टर अभिमन्यु कुमार।
कार्यालय संवाददाता | करौली
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में होने वाले योग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने शनिवार को समीक्षात्मक बैठक ली। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग करने के लिए प्रेरित करने पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति नियमित व्यायाम एवं योग के माध्यम से सभी प्रकार के रोगों से मुक्त हो सकते हैं। स्वस्थ दिनचर्या के लिए आमजन को योग जरूर करना चाहिए।
कलेक्टर कुमार ने शनिवार को अटल सेवा केन्द्र के वीसी कक्ष में 21 जून को जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर योग दिवस आयोजित करने के विशेष निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर लगभग एक हजार व्यक्तियों को योग कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया।
आयुर्वेद विभाग अधिकारियों ने बताया कि जिले की 227 ग्राम पंचायतों, सभी उपखंडों के साथ जिला स्तरीय योग दिवस मुख्यालय पर मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी स्थानों पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिये हैं। योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास कराया जा रहा है। करौली में सिटी पार्क, सर्किट हाउस एवं स्टेडियम में योगाभ्यास प्रारंभ कर दिया है। योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली का आयोजन भी किया जायेगा। बैठक में जिप सीईओ गौरव अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश यादव सहित आयुर्वेद, शिक्षा, चिकित्सा एवं सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।