महमदपुर में टैंपो-कार की भिड़ंत में 10 घायल, सात की हालत चिंताजनक
करौली-गंगापुर मार्ग स्थित महमदपुर कस्बे के घुमाव पर बुधवार को दोपहर एक टैम्पो व कार की भिड़ंत में दस जने घायल हो गए जिन्हें कुडगांव अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से सात की हालत गंभीर होने पर करौली रैफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि महमदपुर कस्बे में हनुमान जी मंदिर के पास करौली-गंगापुर हाइवे पर घुमाव पर करौली की तरफ से सवारियां भरकर जा रहे टेंपो कुडगांव की ओर से आ रही वैगनआर जीप से टकरा गया। जिससे दोनों वाहनों में बैठी सवारियां वाहनों में फंस गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से कुडगांव अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से सात की हालत गंभीर होने पर करौली रेफर कर दिया।
दोनों ही वाहनों सवार यात्री शादी समारोह में जा रहे थे, गम में बदला खुशी का माहौल
पुलिस ने बताया कि गंगापुर सिटी निवासी नानक चंद, रोहित, अंकित व रिसव सिंह आदि वैगनआर जिप्सी से लगन टीका लेकर करौली जा रहे थे। वहीं करौली तीन बड़ निवासी पायल देवी, रामबाबू, धर्मसिंह, द्रोपती, विजय सिंह, हल्की देवी सैनी अपने परिवार में 26 अप्रैल की शादी होने के चलते गंगापुर के समीप स्थित गंगाजी की कोठी पर भात का निमंत्रण देने जा रहे थे। टैम्पो व कार की घटना से दोनों ही परिवारों में खुशी गम में बदल गई।
कुड़गांव स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस एक माह से खराब, सपोटरा से मंगानी पड़ी
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को हुई दुर्घटना के बाद एएसआई हरिराम गुर्जर ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन कुडगांव स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस के एक माह से खराब होने से सपोटरा से एंबुलेंस को बुलाना पड़ा। जिससे खासी परेशानी हुई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मात्र तीन बैड, घायलों को फर्श पर लेटाना पड़ा
कुडगांव को उप तहसील का दर्जा मिलने के साथ पीएचसी स्वास्थ्य केंद्र को लगभग दो साल पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दर्जा दे दिया। उसके बाद यहां चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की भी नियुक्ति हो गई लेकिन यहां मात्र तीन बैड होने से मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूरन रोगियों व घायलों को फर्श पर ही लेटाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि के समय डॉक्टरों के स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं रहने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कुडगांव. राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पलंग के अभाव में फर्श पर लेटी दुर्घटना में घायल महिला।