जीएसटी के लिए एक मासिक रिटर्न संभव
नई दिल्ली| गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) के तहत हर महीने तीन रिटर्न भरने की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाने का काम जारी है और सभी राज्य इसके लिए हर महीने एक रिटर्न भरने की व्यवस्था किये जाने पर सहमत हुए हैं। मंगलवार को जीएसटी काउंसिल के रिटर्न सरलीकरण के संबंध में गठित मंत्रियों के समूह ने उद्योग और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श किया। इस दौरान यह जानकारी सामने आई। बैठक की अध्यक्षता समूह के अध्यक्ष एवं बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने की। उधर, जीएसटी के तहत कंपोजीशन डीलरों द्वारा तिमाही रिटर्न जीएसटीआर 4 फार्म को भरे जाने के तरीके को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया है कि करदाताओं को जनवरी से मार्च 2018 तक की अवधियों के साथ-साथ इसके बाद की अवधियों के लिए भी ‘जीएसटीआर-4’ फॉर्म की तालिका 4 के क्रमांक 4ए में संबंधित डाटा नहीं भरना होगा।