25 दिन पहले गुजरात गए युवक की मौत, ठेकेदार पर हत्या का आरोप
नारेली पंचायत के निबिया से रोजगार के लिए गुजरात गए युवक की मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए करेड़ा थाने पर प्रदर्शन किया।
शैतानसिंह (19) पुत्र मोहनसिंह रावत को आसींद क्षेत्र के बाला का बाड़िया निवासी लक्ष्मणसिंह पुत्र भैरूसिंह रावत गुजरात में मजदूरी के लिए ले गया था। ठेकेदार ने शुक्रवार रात नौ बजे परिजनों को फोन पर बताया कि शैतानसिंह की मृत्यु हो गई। उसका शव लेकर आ रहे हैं। शनिवार सुबह ठेकेदार लक्ष्मणसिंह व उसके कुछ लोग शनिवार सुबह भीम पहुंचे। वहां से परिजनों को फोन कर शव ले जाने की बात कही। परिजनों के हत्या का आरोप लगाने पर ठेकेदार एवं उसके आदमी शव लेकर घूमते रहे। इधर, शैतानसिंह का चचेरा भाई गोपालसिंह कुछ ग्रामीणों के साथ शनिवार शाम करेड़ा थाने पहुंचा। थानाधिकारी शिवजीलाल गुर्जर को अपने भाई की गुजरात के भावनगर जिले के बगदाणा में हत्या होने एवं परिजनों को सूचना दिए बगैर पोस्टमार्टम करवा लाने की शिकायत दी। साथ ही आरोप लगाया कि ठेकेदार व उसके आदमी जबरन समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए शव लेने का दबाव बना रहे।
पिता की दो महीने पहले हुई मौत...चचेरे भाई गोपाल ने बताया कि शैतानसिंह के एक बहन और है। पिता मोहनसिंह की दो महीने पहले ही मृत्यु हुई। मां विकलांग है। पिता की मृत्यु के बाद वह अकेला मां का सहारा बचा था। थानाधिकारी गुर्जर ने बताया कि घटना गुजरात की है। यहां अभी कोई रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।