पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • साहब! सरपंच सचिव ने ठेकेदार को किराए पर दिए टैंकर, गांवों में नहीं मिल पा रहा पानी

साहब! सरपंच-सचिव ने ठेकेदार को किराए पर दिए टैंकर, गांवों में नहीं मिल पा रहा पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कराहल में भवन निर्माण कार्य के लिए पानी की सप्लाई करता पंचायती टैंकर।

छह दिन बाद भी नहीं बदली जा रही पुरानी मोटर

कराहल कस्बे में नल जल योजना की दो बोर फेल होने के बाद प्रशासन द्वारा बस स्टैंड के पास 700 फीट गहरी तीसरी बोरिंग कराने के बावजूद पेयजल समस्या हल नहीं हुई है। ग्राम पंचायत ने इस नवीन ट्यूबवेल में 10 हॉसपॉवर की पुरानी मोटर डाल रखी है। यह मोटर गहराई से पानी नहीं खींच पाती है। इस कारण कस्बे में एक दिन छोड़कर 30 मिनट पानी की सप्लाई के दौरान नलों में प्रेशर इतना कम रहता है कि घरों में पीने लायक पानी भी नहीं पहुंचता है। पहली बार कराहल दौरे पर आए कलेक्टर सौरभ सुमन ने लोगों की मांग पर ट्यूबवेल में 15 हॉर्सपावर की मोटर डालने की जिम्मेदारी एसडीएम बीबी श्रीवास्तव को सौंपी थी। एसडीएम को दो दिन में 13 अप्रैल तक मोटर बदलवानी थी। प्रशासन को ब्लॉक में कहीं भी 15 हॉसपॉवर की मोटर नहीं मिली है। इस कारण 13 हजार आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। कस्बेवासियों को सुबह उठते ही पानी की चिंता सताने लगती है। सुबह 4 बजे से देर रात तक पुरुष, महिलाएं और बच्चे डेढ़ से 2 किमी दूर खेतों पर निजी बोरों से पानी ढोते नजर आते हैं।

सांसद व विधायक निधि से दिए गए हैं 62 पानी के टैंकर

ग्रामीणों ने बताया कि दूसरी तरफ गांवों में पेयजल परिवहन के बजाए पंचायती टैंकर सड़क एवं भवन निर्माण स्थलों पर खाली हो रहे हैं। सांसद निधि एवं विधायक निधि से कराहल ब्लॉक की 50 ग्राम पंचायतों को गत वर्ष 62 टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। लेकिन वर्तमान मेंं 120 बसाहटों में भीषण जल संकट के बावजूद एक भी ग्राम पंचायत में पेयजल परिवहन नहीं किया जा रहा है।

एक दिन छोड़कर पानी कर रहे हैं सप्लाई

पिछले सप्ताह कराहल आए कलेक्टर ने दो दिन में कस्बे में पानी की सप्लाई बढ़ाने के लिए 15 हॉसपॉवर की मोटर डालने को कहा था। एसडीएम की जिम्मेदारी तय होने के बावजूद समस्या हल नहीं हुई है। कस्बे में एक दिन छोड़कर 30 मिनट हो रही नलों में पानी की सप्लाई नाकाफी है। महेश भारद्वाज, सांसद प्रतिनिधि, कराहल

ग्रामीणों ने शिकायत की है इसकी जांच कराएंगे

जलसंकट प्रभावित गांवों में पेयजल परिवहन की मांग को लेकर आए ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा पानी के टैंकरों का दुरुपयोग किए जाने की शिकायत की है। यह टैंकर सार्वजनिक हित में उपयोग के लिए दिए गए हैं। यह गंभीर बात है, वस्तुस्थिति का पता लगाएंगे। अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीबी श्रीवास्तव, एसडीएम , कराहल

खबरें और भी हैं...