मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 15 मई तक लगेंगे कैंप
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 15 मई तक लगेंगे कैंप
विजयपुर| भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ब्लॉक मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं नवीन मतदाताओं के नाम जोडऩे का कार्य 15 मई तक चलेगा। इस बीच बीएलओ द्वारा अपने प्रभार से संबंधित मतदान केंद्रों पर कैंप लगाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। इसके लिए निर्धारित प्रारूप फार्म 6 भरवाए जाएंगे। एसडीएम एनआर गौड़ ने बताया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य में बीएलओ द्वारा अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं का सत्यापन भी किया जायेगा। वहीं इसी तारतम्य में बीएलओ को हायर सेकंडरी स्कूल एवं कॉलेज के प्राचार्यों की बैठक लेने के लिए भी कहा गया है, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं के नाम भी मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही की जा सके।
एक मई से तालाब संरक्षण के लिए चलेगा अभियान
कराहल | जिला प्रशासन द्वारा 1 मई से 15 जून तक तालाबों के संरक्षण का काम अभियान चलाकर किया जाएगा। इस अभियान के दौरान तालाबों के जीर्णोद्धार, गहरीकरण और नए तालाबों के निर्माण के कार्य किए जाएंगे। तालाब के साथ ही नदियों के पुनर्जीवन के प्रयास किए जाएंगे। सांसद प्रतिनिधि महेश भारद्वाज ने बताया कि जल संकट के स्थायी निदान के लिए परंपरागत जलस्रोतों का संरक्षण जरूरी है। जलस्रोतों के संरक्षण कार्य में जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है।
सीएफटी की बैठक रतोदन में माह के पहले शुक्रवार को होगी
बड़ौदा| पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की मानीटरिंग एवं जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से सीएफटी केंद्रों पर हर माह बैठकें आयोजित की जाएगी। तय समय सारणी के अनुसार बड़ौदा तहसील के ग्राम रतोदन में सीएफटी बैठक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित होगी। जबकि ग्राम मानपुर में माह के प्रथम सोमवार, प्रेमसर में प्रथम बुधवार, पांडोला में दूसरे सोमवार तथा साईंकलां में दूसरे बुधवार को बैठक हुआ करेगी।
कैमाराकलां में भागवत कथा 23 से
वीरपुर | समीपस्थ ग्राम कैमाराकलां में 23 से 29 अप्रैल तक चलने वाले श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के लिए कथावाचक आचार्य दिनेशचंद्र महाराज बुधवार को वीरपुर पहुंचे। उन्होंने ग्राम कैमाराकलां में बाबा कर्णधारी महाराज के साथ श्रद्धालुओं से कथा महोत्सव की तैयारी के संबंध में चर्चा की। बाबा कर्णधारी महाराज ने बताया कि कथास्थल पर मैदान को समतल करने का काम शुरू कर दिया गया है। साफ सफाई के बाद 20 अप्रैल से कथा पंडाल बनाने का काम शुरू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भागवत महोत्सव की शुरुआत 23 अप्रैल को सुबह 9 बजे कलश यात्रा के साथ विधिविधान से होगी। भागवत कथा का समापन 29 अप्रैल को हवन पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ किया जाएगा।
113 महिलाओं ने भरे सुरक्षा बीमा फार्म
बड़ौदा| ह्यूमन पीपुल टू पीपुल संस्था की ओर से बीते रोज ग्राम उतनवाड़ में सोशल सिक्योरिटी मेला लगाया गया। जिसमें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाएं एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। मेले में 26 महिलाओं के बैंक खाते खोले गए । वहीं 113 महिलाओं ने प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के तहत आवेदन फार्म भरे। इस अवसर पर फील्ड ट्रेनर सत्यभानु सुमन ने महिलाओं को बचत और घरेलू बजट का महत्व समझाया। महिलाओं को कौशल विकास, कैश लेस ट्रांजेक्शन एवं बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था के प्रतिनिधि लालाराम, सरपंच पति सत्येंद्र कुमार, यूको बैंक कियोस्क संचालक रूपसिंह , आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता शर्मा, रितु पारीक, भगवान सांखला प्रमुख रूप से मौजूद थे।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पंचायत नहीं दे रही ध्यान
रघुनाथपुर| पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। कुछ लोगों ने चरनोई एवं पशु विश्राम स्थल के लिए आरक्षित जमीन पर भी कब्जा कर लिया है। जिससे पशुपालक परेशान हैं। कस्बे में पुलिस थाना, चंबल कैनाल रोड और फॉरेस्ट के आसपास चरनोई एवं राजस्व भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर न सिर्फ भवन निर्माण किए जा रहे हैं, बल्कि प्लॉट काटकर बेचे जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत के बाद भी न तो ग्राम पंचायत और न ही प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण होने से कस्बे की बसाहट भी बिगड़ रही है।
चंबल नहर के रुके हुए पानी से ग्रामीण कर रहे मछलियों का शिकार
गिरधरपुर | कोटा बैराज से जलप्रदाय बंद होने के बाद चंबल नहर में छिछला पानी के बीच तैरती मछलियोंं काे पकड़ने के लिए जगह-जगह लाेग दिनभर सक्रिय नजर आ रहे हैं। सलापुरा से लेकर गिरधरपुर तक चंबल नहर में कई जगह पानी भरा हुआ है। इस पानी में चंबल से बहकर आई छाेटी-छाेटी मछलियों का शिकार लोग कर रहे हैं। सलापुरा, कलारना, रामबाड़ी, चकबमूल्या, गिरधरपुर, क्यारपुरा , तिल्लीपुर सहित अासपास गांव के लाेग कपड़े का जाल बनाकर इसमें मछलियों को फंसाने की जुगत में लगे रहते हैं। आदिवासी समाज के लोग मछलियों की तलाश में दूर-दूर तक निकल जाते हैं। चंबल नहर की तलहटी में गहरार्इ वाले स्थानों पर भरे पानी मेंं मछलियों अासानी से शिकार बन जाती है। रामबाड़ी के पास नहर में मछली पकड़ रहे मिथुन अादिवासी , माेहन अादिवासी ने बताया कि तीन-चार घंटे में परिवार लायक मछली मिल जाती है।