आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विधायक रामनिवास रावत ने तीन दिन सघन दौरा कर कराहल क्षेत्र के 43 गांव में ग्रामीणों से रूबरू हाेकर समस्याएं सुनी। इस दाैरान विधायक काे शासन की योजनाएं ठप मिली।
विधायक श्री रावत को रानीपुरा, भोंटूपुरा, बाढ़, खिरखिरी, कुंडलुहारी, चकखेरी, पटोंदा, कानरखेड़ा सहित एक दर्जन गांवों में पानी की विकराल समस्या मिली। नलजल योजना और तमाम हैंडपंप बंद मिले। विधायक श्री रावत ने पीएचई के कार्यपालन यंत्री को मौके से ही फोन लगाकर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान गांव की महिलाओं ने उन्हें बताया कि, कई विधवा महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें विधवा पेंशन नहीं दी जा रही हैं। सुपोषण अभियान के तहत आदिवासी महिलाओं के खातों में पैसा नहीं आ रहा है। कुपोषण मिटाने के लिए दी जाने वाली मूंग की दाल कहां जा रही है कोई नहीं जानता है।
विधायक ने संबंधित गांव के सचिव को सभी विधवा महिला व बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के फार्म भरवाकर पेंशन का लाभ दिलवाने के निर्देश देते हुए इस संबंध में कलेक्टर से चर्चा करने का आश्वासन ग्रामवासियों को दिया है। क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र पाठक, सेवादल अध्यक्ष संजीव कुशवाह, यदुराज जाट, मनोज मुदगल, गिर्राज जाट, प्रताप सिंह, सुजीत गर्ग, धर्मसिंह मीणा, मनोज जाट, दीनबंधु मीणा, वीपी सिंह आदि साथ रहे।
ग्रामीणों की शिकायत सुनते विधायक रामनिवास रावत।