बजट मिले तो लगे हिंडौन के अस्पताल में रंगीन सोनोग्राफी मशीन
कार्यालय संवाददाता | हिंडौन सिटी
राजकीय अस्पताल में मंगलवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक हुई। इसमें राजकीय अस्पताल में करीब 10 लाख कीमत की रंगीन सोनोग्राफी मशीन लगाने की मांग उठाई। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी(सीएमएचओ) डॉ. रामरूप मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया रंगीन सोनोग्राफी मशीन लगवाने के लिए सांसद व विधायक से मुलाकात की जाएगी और उनसे जनता के हित को देखते हुए अपने कोष से राजकीय अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन लगवाएं। बैठक में आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। जिसमें बताया कि एक करोड़ की आय हुई और 75 लाख खर्च हुए।
अस्पताल प्रभारी डॉ. नमोनारायण मीणा ने बताया कि बैठक में सीएमएचओ डॉ. मीणा ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखने की बात कही। बैठक में मौजूद डॉक्टर वार्ड प्रभारियों द्वारा लिखाए गए उपकरण व सामान को खरीदने के लिए आरएमअारएस को प्रस्ताव भेजने के पीएमओ को निर्देशित किया गया।
मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक में डॉ. पूजा सिंहल ने डेंटल टेबल उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिस पर सीएमएचओ एक नई डेंटल टेबल खरीदने के प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए। इसके अलावा 12 केएमसी चेयर, गद्दों के लिए 30 खोली, अस्पताल के बाहरी क्षेत्र में 10 एलईडी, एक बड़ा डीप फ्रीजर, एक वाटर कूलर, लेबररूम में एल्युमिनियम का गेट लगवाने, 200 रंगीन बैडशीट खरीदने, सोनोग्राफी मशीन के लिए नया प्रिंटर खरीदने,10 अग्निशमन यंत्र खरीदने का प्रस्ताव लिया गया। बैठक में डॉ. नमोनारायण मीणा, डॉ. डीसी कोली, डॉॅ. जल सिंह खटाना, डॉ. पूजा सिंहल, नर्सिंग अधीक्षक कमलेश वशिष्ठ, स्टोर प्रभारी रमेश गुप्ता, संजीव शर्मा, भगवान सहाय मीणा, लज्जारानी अग्रवाल आदि मौजूद थे।