कार्यालय संवाददाता | हिंडौन सिटी
शहर के कसाईपाड़े में शुक्रवार को एक सफाईकर्मी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। इसके विरोध में उसके साथी सफाई कर्मचारी लामबंद हो गए। नगर परिषद के सभी सफाई कर्मचारी कार्यालय में आयुक्त का पत्र लेकर सफाई निरीक्षक रामरूप मीना के साथ थाने पहुंचकर आरोपित कसाईपाडे के निवासी असलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाने में दी रिपोर्ट में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी मनोज ने बताया कि उसकी डयूटी कसाईपाडे में लगाई हुई है। शुक्रवार सुबह वह सफाई करने के लिए कसाईपाडे में गया था। सुबह करीब 7 बजे जब वह नालियों की सफाई कर रहा था तो असलम कसाई की दुकान के सामने एक बाइक खड़ी थी। बाइक खड़ी होने के कारण सफाई कार्य में व्यवधान आ रहा था, जिस पर बाइक हटाने को कहा तो असलम सहित दो अन्य युवकों ने लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी, जिससे वह घायल हो गया। वहां मौजूद जमादार आदि ने उसे बचाया। नगर परिषद के अन्य सफाई कर्मियों को जब मारपीट की जानकारी मिली तो वे लामबंद हो गए नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए और आयुक्त को अवगत कराया।