पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आखातीज पर रोडवेज बसें शादियों में बुक, स्टैंड व मार्गों पर इंतजार करते रहे मुसाफिर

आखातीज पर रोडवेज बसें शादियों में बुक, स्टैंड व मार्गों पर इंतजार करते रहे मुसाफिर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता | हिंडौन सिटी

बुधवार को आखातीज का अबूझ सावा रहा। अक्षय तृतीया के अबूझ सावे के कारण शहर में शादियों की भरमार रही। जबरदस्त सावा होने के कारण अधिकांश वाहन शादियों में बुक हो गए, ऐसे में वाहनों की कमी यात्रियों पर भारी पड़ी। रोडवेज की 27 बसें शादियों में बुक रही। ऐसे में कई मार्गों पर रोडवेज की बसों ने कम फेरा तय किया और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। बस स्टैंड पर यात्री बसों का इंतजार करते हुए देखे गए। शादियों में 27 बसों के बुक होने से रोडवेज को करीब 4 लाख की आय हुई है।

सर्वार्थ सिद्ध योग में अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त के साथ बुधवार से शादियों सहित अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ हो गया। इस माह जबरदस्त सावे हैं। सावों के कारण हर कोई शादी-विवाहों की तैयारी में लगा है। बुधवार को आखातीज का स्वयंसिद्ध मुहूर्त और बड़ा सावा होने से क्षेत्र में सैकड़ों शादियां हुईं। लोग शादी की तैयारियों में व्यस्त रहे। बाजार में सुस्ती रही। अधिकांश वाहनों के शादी में बुक होने से रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड पर वाहनों का टोटा दिखाई दिया जिस कारण यात्री दिनभर साधनों के लिए भटकते दिखाई दिए और आखिर में यात्रियों को डग्गेमार वाहनों में यात्रा करनी पड़ी।

बुधवार को जबरदस्त सावा होने के कारण अधिकांश वाहन शादियों में बुक हो गए, ऐसे में वाहनों की कमी यात्रियों पर भारी पड़ी। प्रतिदिन चलने वाली बसों के मुकाबले बुधवार को रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड पर बसों का टोटा दिखाई दिया और सभी रूटों पर बसों का संचालन काफी कम हुआ। अधिकांश बसें शादियों में बुक हो गई। जिसके कारण यात्री साधनों के लिए तरस गए। ऐसे में वाहनों की कमी के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं सावों की अधिकता से इन दिनों ट्रेनों में भी हालत खराब चल रही है, अधिक भीड़ के चलते ट्रेनों के अधिकांश कोच ठसाठस भरे रहे और कोच में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को पायदान पर लटक कर यात्रा करनी पड़ रही है।

हिंडौन सिटी. अक्षय तृतीया पर रोडवेज स्टैंड पर बसों के इंतजार में खड़े यात्री।

हलवाई-टेंट-मैरिज होम सब बुक

सावों की अधिकता के चलते हलवाई, टैंट, मैरिज होम सब कुछ बुक हो गए। अधिकांश लोगों ने शादी की तैयारियां शादी की तिथि से बहुत पहले ही शुरू कर दी और उन्होंने हलवाई, मैरिज होम बुक करा लिए। ऐसे में जो लोग हलवाई, मैरिज होम बुक नहीं करा पाए उन्हें हलवाई और मैरिज होम की व्यवस्था के लिए दौड़ भाग करनी पड़ रही है। सावे के चलते कई जगहों पर दुल्हा-दुल्हन के वाहनों की सजावट करने का काम दिनभर चलता रहा।

ट्रेनें 10 घंटे तक लेट, यात्री स्टेशन पर रहे परेशान

अक्षय तृतीया पर बुधवार को सावा अधिक होने से ट्रेन और बसों में भीड़ रही। सावों की अधिकता के कारण स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। रेल यात्रियों को उस समय परेशानी उठानी पड़ी, जब कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से रही। रेलवे सूत्रों ने बताया कि बुधवार को दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर संचालित मुजफ्फरपुर से बान्द्रा जाने वाली अवध एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 10 घंटे, पटना-कोटा ट्रेन 9 घंटे, गाजीपुर-बान्द्रा 6 घंटे, मथुरा-सवाईमाधोपुर पैसेंजर एक घंटे, कोटा-आगरा पैसेंजर एक घंटे देरी से रही। गर्मी के बीच स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों के आने का इंतजार करना पड़ा।

खबरें और भी हैं...