पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुलिस पहरे में कचरा उठान व सफाई का हो रहा काम

पुलिस पहरे में कचरा उठान व सफाई का हो रहा काम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सड़कों के किनारे लगे कूड़े-कचरे के ढेर अब उठने लगे हैं। रात को कचरा उठान व सफाई का काम हो रहा है। शहर के लोग भी अब सड़कों को साफ रखने के लिए सावधानी बरतने लगे हैं। नाइट स्वीपिंग शहर को स्वच्छ बनाने में अहम रोल अदा कर रही है। अधिकारी भी नाइट स्वीपिंग के जरिए शहर को साफ करने में जोर लगा रहे हैं। ईओ धीरज कुमार टीम के साथ स्वयं मौके पर रहते हैं। नगर निगम को पुराने शहर में रात को सफाई के लिए दिक्कत आ रही है। इस क्षेत्र में हड़ताली कर्मचारी सफाई करने वाले कर्मचारियों के साथ झगड़ा करने पर उतारू रहते हैं, जिस कारण सुरक्षा के लिहाज से पुलिस को साथ लिया जाने लगा है। अगर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट अधिकारियों की माने तो पिछले दो दिनों में कूड़ा लिफ्टिंग बढ़ गई है। प्रतिदिन तकरीबन 70 से 80 टन कचरा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में पहुंचने लगा है, जबकि शहर प्रतिदिन 130 से 140 टन कचरा उगलता है।

पुराने शहर व कॉलोनियों में परेशानी : नगर निगम के प्रयासों से सेक्टरों और पाॅश कॉलोनियों व मार्केट की सड़कों पर सफाई व्यवस्था नियंत्रण की स्थिति में आ रही है, लेकिन पुराने शहर व कॉलोनियों में परेशानी कायम है। रेलवे रोड, सुभाष कॉलोनी, शनि देव मंदिर रोड, रमेश नगर, सदर बाजार क्षेत्रों में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।

100 कर्मचारियों को रात में सफाई के लिए लगाया

नगर निगम ने शहर को साफ रखने के लिए नाइट स्वीपिंग को जरिया बनाया है। नाइट स्वीपिंग में 100 कर्मचारियों की टीम सफाई कार्य में जुटी है। इसके साथ ही तीन जेसीबी, 10 ट्रैक्टर भी साथ तैनात रहते हैं। सफाई कर्मचारियों की तरह से सहायता के लिए अधिकारी व संबंधित एरिया के पार्षद भी साथ रहते हैं। इसके अलावा कचरे काे एक जगह इकट्ठा करके उस पर कल्चर डाल दिया जाता है, ताकि लिफ्टिंग होने तक उसमें किसी प्रकार की दुर्गंध न बने।

राहगीरी टीम से कराई सफाई

नगर निगम की ओर से शहर में हर संडे राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस राहगीरी कार्यक्रम में पहुंचे सदस्यों ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर में सुबह सफाई कराई। राहगीरी टीम ने माडल टाॅउन, दयानंद कॉलोनी, कुंजपुरा रोड, सेक्टर-12, चार चमन और दयाल सिंह कॉलेज रोड पर सफाई कराई गई। उधर, शहर के लोग भी सड़कों पर कूड़ा न फेंक कर सफाई में सहयोग करने लगे हैं।

करनाल. मुगल कनाल पर सफाई का निरीक्षण करने पहुंचे नगर निगम के अधिकारी ।

आरडब्ल्यूए से सहयोग, ठेकेदारों पर दबाव बनाया

नगर निगम के अधिकारियों ने कमिश्नर राजीव मेहता के निर्देशन में शहर को साफ रखने के लिए रणनीति के तहत कार्य करना शुरू कर दिया है। जहां से भी सहयोग अपेक्षित है उसे लिया जा रहा है। अधिकारियों ने रेजीडेंट वेल्फेयर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर शहर को साफ रखने के लिए जीरो वेस्ट पर आने की बात कही। उन्हें बताया कि कैसे खुद कचरे को मैनेज करें। एक घंटा चली इस मीटिंग में आरडब्ल्यूए ने शहर में हरसंभव सहयोग देने और जिम्मेदारी अदा करने की बात कही। उधर, अधिकारी ठेकेदारों पर अधिक कर्मचारियों के साथ सफाई कराने का दबाव बना रहे हैं।

सफाई करने वालों का हो रहा विरोध

शहर में ठेका के तहत लगे जो कर्मचारी घरों से कचरा उठाने जाते हैं, हड़ताली कर्मचारी उनका विरोध कर रहे हैं। रविवार को सेक्टर-4 में कूड़ा उठा रहे सफाई कर्मचारियों के साथ कुछ महिलाओं ने कहासुनी की। इन महिलाओं ने उक्त कर्मचारियों को पहनने के लिए चूड़ियां दी। नगर निगम के समर्थन में सफाई करने वाले कर्मचारियों को शहर में कई स्थानों पर दिक्कत आ रही है। क्योंकि हड़ताली कर्मचारी रात को ही नारेबाजी करने लगे।

मिल रहा है संस्थाओं का सहयोग : धीरज

रात के अलावा सुबह भी सफाई कराई जाती है। सामाजिक संस्थाओं व जागरूक नागरिकों का सहयोग मिल रहा है। संडे को राहगीरी टीम ने कई क्षेत्रों में सफाई कराई। विभिन्न आरडब्लयूए के साथ मीटिंग की। शहर से 60 से 70 प्रतिशत कूड़ा लिफ्ट हो रहा है। अंबाला, पंचकूला व हिसार ने भी करनाल के मॉडल को अपनाया है। -धीरज कुमार, ईओ नगर निगम करनाल।

मनोबल तोड़ने की हो रही साजिश : वीरभान

नगर निगम के अधिकारी हड़ताल पर गए कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने की साजिश रच रहे हैं। शहर में 12 दरोगा व 600 कर्मचारियों के ड्यूटी पर होने की बात मनगढ़ंत है। शहर को साफ करने की बात अधिकारी कर रहे हैं, जबकि टनों के हिसाब से शहर में कचरा जमा है। -वीरभान बिड़लान, जिला प्रधान, नगरपालिका कर्मचारी संघ।

खबरें और भी हैं...