कई माह से अटका दो मुंडी बाईपास जून माह तक बनकर तैयार होगा
दो मुंडी बाईपास जिसका काम पिछले छह माह से अटका हुआ था, वह अब अगले एक या दो दिन में शुरू हो जाएगा और जून माह में यह बाईपास बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा। बाईपास के शुरू होने से ओवरब्रिज के नीचे सामान लेकर आने व जाने वाले भारी वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।
काम शुरू करवाने के लिए नगरपालिका अधिकारियों को बड़ी मेहनत करनी पड़ी, क्योंकि ठेकेदार सड़क के साथ-साथ रिटेनिंग वाल का काम बढ़वाने के लिए अड़ा हुआ था, लेकिन नपा ने इस काम को बढ़ाने से साफ इंकार कर दिया, लेकिन ठेकेदार जब इसके बावजूद भी नहीं माना तो ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया, जिसके बाद उसने दो या तीन दिन में काम शुरू करने का वादा किया।
तरावड़ी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से लल्याणी रोड तक बनने वाले लगभग ढाई किलोमीटर लंबे बाईपास को बनाने का टेंडर करनाल की चावला कंस्ट्रक्शन कंपनी को पिछले साल डेढ़ करोड़ रुपए में दिया गया था, टेंडर लेने के बाद पहले काम शुरू करने में बड़ी देरी लगी। जैसे ही काम शुरू हुआ लोगों को लगा कि अब काम जल्द पूरा हो जाएगा, लेकिन सड़क का बेस तैयार करने के बाद ज्यादा सर्दी का बहाना बनाकर कि ज्यादा सर्दी में तारकोल का काम बेहतर नहीं हो पाएगा, इसलिए फरवरी या मार्च माह में काम को शुरू किया जाएगा, लेकिन अप्रैल माह शुरू होने के बाद भी जब काम शुरू नही हुआ तो लोगों ने नगरपालिका कार्यालय जाकर इस बारे में पूछताछ करनी शुरू कर दी, लेकिन जब पूरे मामले की जानकारी मिली तो पता चला कि ठेकेदार ने काम सरकारी रेट से ऊपर लिया हुआ है और अब वह ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में नगरपालिका पर यह कहकर कि बिना रिटेनिंग वॉल के सड़क ज्यादा नहीं चलेगी, इसलिए उसके काम को डेढ़ करोड़ के बजाए ढाई करोड़ का किया जाए, लेकिन नगरपालिका इस बात पर राजी नहीं हुई। इसके बाद जब दो पक्ष अपनी जिद्द पर अड़े रहे तो नगरपालिका ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया कि या तो वह काम को पूरा करे अन्यथा उसका टेंडर कैंसिल कर दोबारा लगाया जाएगा। नोटिस के बाद ठेकेदार ने जिद्द छोड़कर तीन दिन के भीतर काम शुरू करने का वादा किया।
इस बारे में नगरपालिका के एमई सतीश मित्तल ने बताया कि ठेकेदार से बात हो चुकी है और अगले दो या तीन दिन में काम शुरू हो जाएगा। काम को जून माह में पूरा कर लिया जाएगा।