- Hindi News
- National
- सफाई कर्मचारियों ने सरकार को कोसा, सर्व कर्मचारी संघ ने हड़ताल का किया समर्थन, डीसी को सौंपा ज्ञापन
सफाई कर्मचारियों ने सरकार को कोसा, सर्व कर्मचारी संघ ने हड़ताल का किया समर्थन, डीसी को सौंपा ज्ञापन
समान काम-समान वेतन एवं ठेकेदारी प्रथा बंद करने की मांग को लेकर आज नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के कर्मचारियों की हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। नगरनिगम के सभी कर्मचारियों ने शहर में अंबेडकर चौक से लेकर सेक्टर-12 पार्क तक प्रदर्शन करते हुए रोष जताया। गुस्साए कर्मचारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रधान अशोक प्रोचा व जिला प्रधान वीरभान बिड़लान ने कहा कि कर्मचारियों को सात दिन हड़ताल पर हो गए हैं, लेकिन सरकार ने अब तक उनकी कोई सुध नहीं ली है। जिस प्रकार से सरकार उनकी मांगों को जानबूझ कर दरकिनार कर रही है उससे कर्मचारियों का सरकार के खिलाफ लगातार गुस्सा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से शहरों, कस्बों एवं गांवों में चारों ओर गंदगी के ढेर लग चुके हैं। यदि सरकार को स्वच्छता की इतनी ही परवाह होती तो सरकार आज उनकी मांगों के प्रति गंभीर होती और उनकी मांगों को लागू करने में जरा भी संकोच नहीं करती, लेकिन सरकार के ऐसे रवैये से साफ पता चल रहा है कि उसे न तो कर्मचारियों के हितों की कोई परवाह है और न ही स्वच्छता की।
प्रदर्शन में इनकी मुख्य भागीदारी : इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार, सतपाल सैनी, सुशील गुर्जर, वीरभान बिड़लान, अशोक प्रोचा सचिव, राम सिंह, राजकुमार, महिला विंग प्रधान शारदा देवी, उर्मिला, रोहताश, ओमप्रकाश माटा, रमेश, सत्यवान आदि कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया।
करनाल. प्रदर्शन कर लघु सचिवालय में डीसी को ज्ञापन देने जाते नगरपालिका कर्मचारी।
असंवेदनहीनता दिखा रही सरकार: सिंहमार
करनाल | सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी नगरपालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। जोरदार प्रदर्शन के बाद डीसी को ज्ञापन दिया गया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का नेतृत्व जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार ने की। संचालन सुशील गुर्जर ने किया। ओमप्रकाश सिंहमार ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार नगरपालिका कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी करके असंवेदनहीनता दिखा रही है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तलते नगरपालिका के कर्मचारियोंं की हड़ताल नौ मई से जारी है मगर खेद की बात है कि आज तक सरकार ने नगरपालिका कर्मचारी संघ से बातचीत करके मांगों को लागू करने का प्रयास नहीं किया। इसके विपरीत कर्मचारियो की हड़ताल असंवैधानिक घोषित करके एस्मा लगा दिया है, पूरे जिले में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को सुशील गुर्जर, सुरेश पाल, ओमप्रकाश माटा, मलकीत सिंह, बाबूराम, सुरेश, नरंद्र चीमा, वाईपी यदव, एसपी सिंह, अव्वल सिंह, जयपाल, अशोक प्रोचा, अशोक पांचाल, राजकुमार, रादेव, उर्मिला, वीरभान, कर्मबीर शर्मा, रिषीपाल, शारदा, इंद्रजीत, सियानंद, सुभाष व धीरज ने संबोधित किया।
ये हैं मुख्य मांगें
नगरनिगम, नगरपालिकाओं, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों पर लागू की गई ठेकेदारी प्रथा को खत्म किया जाए। समान काम समान वेतन लागू किया जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। फायरमैन व ड्राईवरों को नौकरी से हटाने के फैसले को वापस लिया जाए। 18 हजार न्यूनतम वेतन लागू किया जाए। सभी ठेकेदारों के पास काम करने वाले कच्चे कर्मचारियों के सीधे विभाग के रोल पर लिया जाए। वर्दी भत्ता, झाडू भत्ता व अन्य भत्तों सहित अन्य मांगों को पूरा किया जाए।
निसिंग. मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नपा के सफाई कर्मी।
सड़कों व गलियों में कूड़ा-कर्कट न डालने की अपील
घरौंडा | शहर में नपा सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर नगरपालिका प्रधान सुभाष गुप्ता ने अपने पार्षदों के साथ डोर टू डोर जाकर लोगों से सड़कों व गलियों में कूड़ा-कर्कट न डालने की अपील की। दुकानदारों ने नपा प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मंगलवार को नगरपालिका चेयरमैन सुभाष गुप्ता व शहर के सभी पार्षद एकत्रित होकर शहर की गलियों व बाजारों में पहुंचे। नपा प्रधान सुभाष गुप्ता ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि नगरपालिका सफाई कर्मचारी पिछले छह दिन से हड़ताल पर हैं। जिससे शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नपा प्रशासन ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सफाई अभियान शुरू कर दिया हैं, लेकिन दुकानदारों व शहरवासियों के सहयोग की जरूरत है। नपा प्रधान गुप्ता ने कहा कि कोई भी दुकानदार व शहरवासी सड़कों व गलियों में कचरा न डाले और कचरा डस्टबिन में ही डाले। वही हड़ताल पर चल रहे नपा कर्मचारियों ने सातवें दिन भी हड़ताल रखी। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में कर्मचारियों ने करनाल की तरफ कूच कर दिया। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि नपा सफाई कर्मचारी लगभग सात दिन से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। सरकार का अड़ियल रवैया ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें। अगर समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
घरौंडा. रेलवे रोड पर दुकानदारों से बात करते नपा चेयरमैन।
सफाई कर्मियों के धरने के कारण शहर में लगे गंदगी के ढेर
निसिंग| नपा के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को भी धरने पर बैठे रहे। जिस कारण शहर में गंदगी के ढेर लग गए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल होने से शहर वासी भी परेशान हैं। कचरे का लगातार उठान न होने से आवारा पशु भी घर के बाहर कबाड़े में मुंह मारने लगे है। नगरपालिका की ओर से रखे गए डस्टबिन भर चुके हैं। इंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की मांग है कि हरियाणा से ठेका प्रथा को बंद किया जाए व कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए।