म्हारा गांव जगमग गांव योजना को लागू करने के विरोध में किसान पंचायत कल
पुलिस के डंडे के बल पर म्हारा गांव जगमग गांव योजना को शुरू करने वाले बिजली निगम के एसडीओ के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए आने वाली 17 मई को गांव शाहपुर में जिला स्तरीय किसान पंचायत बुलाई गई है। जिसमें जिला स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पंचायत में पहुंच कर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। भाकियू जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि गत सोमवार को बिजली निगम जुंडला के एसडीओ ने गांव शाहपुर में पहुंच कर जब्री तौर पर पुलिस के डंडे का इस्तेमाल करने व मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी है। इतना ही नहीं भाकियू के वरिष्ठ नेता व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचंद शाहपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की भी धमकी दी गई। सांगवान ने कहा कि एसडीओ की इस धमकी को चेतावनी के रूप में भाकियू ने स्वीकार कर लिया है। पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष रतनमान विशेष तौर पर शिरकत करेंगे।