करनाल. पब्लिक हेल्थ एसडीओ के साथ हुई मारपीट के विरोध में धरने पर बैठ नारेबाजी करते डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के सदस्य।
भास्कर न्यूज | करनाल
गुहला चीका में पब्लिक हेल्थ एसडीओ वेद पाल के साथ मारपीट और मंत्री द्वारा दुर्व्यवहार के विरोध में कनिष्ठ अभियंताओं और एसडीओ ने डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के बैनर तले जिला सचिवालय में प्रदर्शन किया।
सीटीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंप कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मंत्री से माफी मांगने की बात दोहराई गई। प्रदर्शन में सभी विभागों से एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता शामिल रहे। इससे पहले हुडा कार्यालय के सामने जेई धरने पर बैठे रहे। एसोसिएशन के जिला प्रधान अनिल जयंत ने कहा कि शिकायत निवारण कमेटी की बैठक में मंत्री अनिल विज ने एसडीओ के साथ दुर्व्यवहार किया और केस दर्ज करके गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए। यह सरासर गलत है। एसडीओ के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि मारपीट के आरोपी विधायक कुलवंत बाजीगर के पारिवारिक सदस्यों और साथियों को गिरफ्तार किया जाए। विधायक के खिलाफ षड्यंत्र रचने का केस दर्ज हो। इस अवसर पर रामविलास शर्मा, जगजीत कपूर, गौरव, छतरपाल, आरके हुड्डा, ध्रुव शाश्वत एसडीओ, करनैल सिंह एसडीओ, यशवीर नांदल एसडीओ, मुकूल कथूरिया एसडीओ, सुनील कटारिया, रवि, राज कुमार, प्रदीप कुमार, गुरमीत, रणजीत, सतीश, अर्बन लोकल बॉडी प्रधान अशोक कुमार सहित कई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।