28 मई को होने वाले कैराना लोकसभा उप चुनाव में शांति, निष्पक्षता तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को शामली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुलोख कुमार तथा अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट केवी सिंह ने करनाल आकर यहां के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व नगराधीश एसआर बाजवा ,इंद्री के उप पुलिस अधीक्षक कुशल पाल सिंह उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुलोख कुमार ने बताया कि 28 मई को कैराना लोकसभा उप चुनाव है और 31 मई को मतों की गिनती की जाएगी। इस लोकसभा क्षेत्र में 5 विधानसभा क्षेत्र पड़ते हैं, जिनमें कैराना, शामली, थाना भवन , सहारनपुर के गंगोह और नकुड़ शामिल हैं। चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से सीमावर्ती जिलों के साथ बैठकें की जा रही है। उन्होंने बताया कि यूपी बॉर्डर से करनाल में 8 किलोमीटर अंदर तक, सभी शराब के ठेके 26 से 28 मई तक बंद रखे जाएं। शराब की तस्करी को रोकने के लिए नाके लगाए जाएं, कच्चे रास्तों से शराब ले जाने वालो पर भी नजर रखी जाए।
उन्होंने बताया कि वोटिंग से एक दिन पहले कोई भी बाहरी व्यक्ति अथवा गैर मतदाता शामली आकर नहीं रूकेगा, लेकिन यहां से होकर आगे जाने वाले वाहनों को रोका नहीं जाएगा।