पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बेटे की ससुराल पहुंचे बुजुर्ग की झगड़े में मौत, तीन घायल

बेटे की ससुराल पहुंचे बुजुर्ग की झगड़े में मौत, तीन घायल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
निसिंग. गांव बरास में झगड़े में घायल महिला अस्पताल में उपचारधीन।

भास्कर न्यूज | निसिंग

गांव बरास में बेटे की ससुराल पहुंचे एक व्यक्ति की मौत हो गई। रात को लड़के व लड़की पक्ष के लोगों का झगड़ा हो गया। झगड़े में अजराना कलां के बृजपाल की मौत हो गई। दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव बरास में सोमवार रात को करीब एक बजे चंद्रपाल के घर पर उसकी लड़की कोमल के सुसराल पक्ष के लोग पहुंचे। रात को ही रिश्तेदारों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि लड़का पक्ष के लोगों ने लड़की के परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों की चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग भी एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने परिवार पर हमला होते देख लड़का पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। लड़का पक्ष के ज्यादातर लोग वहां से भागने में कामयाब हो गए, लेकिन लड़की के ससुर उर्फ काला की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी, जिसमें बृजपाल निवासी गांव अजराना कलां जिला कुरुक्षेत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घायल कोमल उसके पिता चंद्रपाल व माता नन्ही देवी को प्राथमिक इलाज के लिए सरकारी अस्पताल निसिंग लाया गया। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया। थाना पुलिस व डीएसपी असंध ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बरास निवासी ग्रामीण राजवीर, काला, बलवीर, अजमेर, सुभाष व मेनपाल ने बताया कि चंद्रपाल की लड़की कोमल की शादी 4 दिसंबर 2017 को जिला कुरुक्षेत्र के गांव अजराना कलां में की गई थी, लेकिन कुछ दिनों के बाद कोमल का ससुर ब्रजपाल उर्फ काला उस पर बुरी नजर रखता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में कई माह से विवाद चल रहा था। कोमल विवाद के दौरान अपने मायके में रह रही है।

मामले की शिकायत करनाल के महिला थाने में भी कोमल व उसके परिजनों ने की थी। पति व ससुर के खिलाफ इस शिकायत को लेकर करनाल महिला थाने परिसर में एक पंचायत भी हुई थी, लेकिन पंचायत में कोई फैसला नहीं हो पाया। पुलिस ने मृतक के पुत्र सूरजभान के बयान पर दो महिलाओं सहित छह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सूरजभान का आरोप है उसके पिता को डंडों व अन्य हथियारों से पीटकर मारा है। हमारे परिवार के लोगों ने उन पर कोई हमला नहीं किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...