कर्नाटक में राष्ट्रवाद की जीत हुई : कथूरिया
करनाल | भाजपा हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के चेयरमैन चन्द्रप्रकाश कथूरिया ने कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की जीत को राष्ट्रवाद की जीत बताते हुए कहा कि आज पूरा देश भाजपा की नीतियों से खुश है। नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है। पूरे देश से विपक्ष का सफाया होता जा रहा है। कर्नाटक चुनाव में भाजपा की विजय पर चेयरमैन चन्द्रप्रकाश कथूरिया ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और भाजपा की ही सरकार कर्नाटक में बननी तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरे देश से सफाया हो चुका है। जनता अब भली भांति समझ चुकी है कि देश का भला भाजपा में ही है। कांग्रेस के राज को जनता भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा में आस्था व्यक्त की है। कथूरिया ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 370 से भी ज्यादा सीटें हासिल कर दोबारा सरकार बनाएगी। हरियाणा शुगरफैड चेयरमैन कथूरिया ने कहा कि केंद्र सरकार की तर्ज पर हरियाणा में भी भाजपा की नीतियों से हर वर्ग खुश है।