शहर से गुजर रही मुगल कैनाल और ड्रेन नंबर एक की करवाई जा रही सफाई
डीसी डॉ. आदित्य दहिया की प्लानिंग से शहर की करीब 5 दशक पुरानी डार्ट टाइप ड्रेन की बड़े पैमाने पर सफाई की जा रही है। काछवा रोड़ पर राम नगर से प्रारंभ होकर बाइपास को क्रॉस कर पब्लिक हेल्थ के डिस्पोजल प्वाइंट तक करीब 8 किलोमीटर लंबे गंदे नाले पर 4-5 जगह मेन्युअल और एक जगह पर जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिल्ली से किराए पर ली गई सुपर सकर मशीन से सफाई की जा रही है। इन उपायों से इस बार बारिश के दिनों में शाम नगर की गलियों व घरों में गंदा पानी नहीं भरेगा और न ही डार्ट टाइप ड्रेन के साथ लगती आबादी ओवरफ्लो से प्रभावित होगी। मंगलवार को डीसी ने स्वयं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर ड्रेन की सफाई के कार्य का निरीक्षण किया। जन स्वास्थ्य विभाग अप्रैल-मई के महीनों में शहर की इस पुरानी ड्रेन की सफाई करता रहा है, लेकिन बड़े पैमाने पर सफाई पहली बार अमल में लाई गई। इस कार्य के लिए दिल्ली जल बोर्ड की हैवी सुपर सकर मशीन मंगवाई गई, ताकि ड्रेन में नीचे तक जमी गाद या गंदगी को अच्छे से निकाल कर साफ किया जा सके। जन स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि सफाई का कार्य आगामी 15 जून तक पूरा किया जाएगा यानि मानसून से पहले इस तरह के प्रबंध मुकम्मल किए जाने हैं।
उन्होंने इससे सटी सिंचाई विभाग की ड्रेन नंबर-1 के सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां लगाई गई जेसीबी ड्रेन में जमी सिल्ट को बाहर निकाल रही थी। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मनीष शर्मा भी इस मौके पर उपस्थित थे, उन्होंने उपायुक्त को अवगत कराया कि करीब 4800 फुट लंबाई तक ड्रेन नंबर-1 की सफाई की जानी है और यह कार्य 15 जून तक मुक्कमल करना है। बता दें कि गंदे पानी की डिस्पोजल के लिए शहर से गुजरती मुगल कैनाल, बाईपास से आगे ड्रेन नंबर-1 हो जाती है। मानसून से पहले इसकी सफाई डिस्पोजल को लेकर कारगर सिद्ध होगी।