- Hindi News
- National
- सड़कों पर लगेंगे ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते साइन बोर्ड, एक महीने में होगा काम पूरा
सड़कों पर लगेंगे ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते साइन बोर्ड, एक महीने में होगा काम पूरा
वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए सड़क सुरक्षा की जरूरत अहम हो गई है। सड़कों पर यातायात नियमों की जानकारी देते जरूरी साइन बोर्ड से काफी हद तक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इसी को लेकर उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) के माध्यम से 188 साइन बोर्ड तैयार करवाए हैं। प्रशासन के निर्देश पर उचित और जरूरत वाली लोकेशन पर बुधवार से इनको लगाने का काम भी शुरू हो गया है, जो करीब 1 महीने तक चलेगा।
उपायुक्त ने बताया कि संकेतक बोर्ड तिकोने, वृत्ताकार तथा अष्टभुज साइन में तैयार करवाए गए हैं, जो शहर की आंतरिक सड़कों के साथ-साथ स्टेट हाईवे पर भी लगाए जाएंगे। इनमें स्पीड लिमिट, स्पीड ब्रेकर, स्टॉप तथा चेतावनी जैसे संकेत दिए गए हैं। 600 व 700 एमएम में एल्युमिनियम कंपोजिट मेटिरियल शीट पर रेट्रो रिफलेक्टिव टेप लगाई गई है, ताकि रात के समय भी संकेतक अच्छी तरह से दिखाई दें। खास बात यह है कि प्रत्येक संकेतक के नीचे दो अलग-अलग टैग लाईन भी दी गई हैं, जिनमें स्वच्छ भारत तथा हरियाणा विजन जीरो के संदेश निहित हैं।
यह होगा फायदा :उन्होंने बताया कि सड़कों पर साइन बोर्ड लगाने से नि:संदेह दुर्घटनाओं में कमी आएगी। सड़क पर चलते समय वाहन चालक को सड़क सुरक्षा और मार्गों की जानकारी मिलेगी। इनके लगने से रात्रि के समय दुर्घटनाएं नहीं होंगी। सड़क पर चलते समय सभी वाहन चालक, संकेतक से जानकारी प्राप्त कर अपने सफर को सुरक्षित बना सकेंगे।
सड़क सुरक्षा
वाहनों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने उठाया कदम
यहां लगेंगे सांकेतिक बोर्ड
उपायुक्त के अनुसार आईटीआई चौक से नेवल तक, एनडीआरआई चौक से कमेटी चौक, महाराणा प्रताप चौक से ताऊ देवी लाल चौक, मीरा घाटी से नमस्ते चौक, आम्बेडकर चौक से काछवा तक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। दूसरी ओर करनाल-पिहोवा स्टेट हाईवे, करनाल-कैथल हाईवे पर भी जिला की सीमा तक संकेतक बोर्ड लगाए जाने हैं। शहर से गुजरती मेन रोड से जुड़ी छोटी सड़कों के मोड़ पर भी साईनेज लगेंगे।