ग्रामीण सफाई कर्मचारी पांच जून को करेंगे सीएम आवास का घेराव
करनाल | ग्रामीण सफाई कर्मचारी पांच जून को करनाल में सीएम आवास का घेराव करेंगे। वजह है समान काम के लिए समान वेतन नहीं मिलना और कोर्ट के आदेशों के बावजूद तनख्वाह बैंकों के माध्यम से नहीं भेजना। बुधवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक कर्ण पार्क में हुई। अध्यक्षता प्रदेश प्रधान राजेश कुमार ने की। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री जंग बहादुर यादव ने कहा कि प्रदेश के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी सरकार और विभाग की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। सफाई कर्मचारियों से काम निर्धारित समय से अधिक लिया जाता है, मगर वेतन पूरा नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने छह अप्रैल को आदेश जारी किए थे कि ग्रामीण कर्मचारियों का वेतन सीधे बैंक खातों में बीडीपीओ के माध्यम से भेजा जाए, मगर इस आदेश को अधिकारियों ने आज तक लागू नहीं किया। इस अवसर पर बालक राम, नवीन, ईश्वर सिंह, शमशेर सिंह, कृष्ण कुमार सावंत, चंद्रपाल, जयकिशन, ओमप्रकाश, मोदी देवी, गुड्डी, पवन कुमार, रिंकू, प्रवीन व सतीश कुमार मौजूद रहे।