इग्नू के कम्युनिटी हेल्थ ब्रिज कोर्स से दुरुस्त होंगी चिकित्सा सुविधाएं
इग्नू के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. धर्म पाल ने जानकारी देते हुए बताया की स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फॅमिली वेलफेयर,पंचकूला हरियाणा में एक मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक वीके बंसल ने मीटिंग की अध्यक्षता की। इस मीटिंग का आयोजन आयुष्मान भारत योजना के तहत ग्रामीण स्तर पर सब सेंटर्स को हेल्थ वेलनेस सेंटर में तब्दील करने और उन्हें और मजबूत बनाने के लिए किया गया। निदेशक वी के बंसल ने बताया की हरियाणा में नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार वर्ष 2017-2018 के लिए कुल 55 हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलने का प्रावधान था और वर्ष 2018-2019 मे कुल 200 हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलने का लक्ष्य है
दूरदराज के इलाकों में प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष एएनएम फोड़ा, फुंसी, सर्दी, जुकाम व अन्य छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज करेंगे। इसके लिए हर जिले में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। नए सेंटरों पर मरहम पट्टी के साथ जरूरी दवाएं व सभी तरह के टीके व जांच के लिए किट भी रहेंगी। दूसरे चरण में इन केंद्रों पर 12 तरह की सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। इन केंद्रों पर प्राथमिक उपचार के रोगियों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर कर दिया जाएगा।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल की तरफ से इस मीटिंग में शामिल हुए डाॅ. धर्म पाल ने बताया की इग्नू के माध्यम से पुरे भारत वर्ष में कम्युनिटी हेल्थ ब्रिज कोर्स चलाया जा रहा है ताकि आयुष डॉक्टरों और नर्सों की भागीदारी के जरिए दूरदराज के गांवों तक चिकित्सा सुविधा दुरुस्त की जा सके। इसके लिए इनको कम्यूनिटी नर्सिंग में पारंगत बनाया जा रहा है। इग्नू रीजनल सेंटर, करनाल के अंतर्गत स्थानीय कल्पना चावला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इग्नू का प्रोग्राम स्टडी सेंटर खोला गया, जिसमे जल्द जुलाई स्तर के लिए दाखिला प्रक्रिया नेशनल हेल्थ मिशन के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के बीपीएस मेडिकल कॉलेज, खानपुर और पीजीआई, रोहतक में भी कम्युनिटी हेल्थ ब्रिज कोर्स स्टार्ट करने के लिए प्रोग्राम स्टडी सेंटर स्थापित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।ब्रिज कोर्स के अंतर्गत छह घंटे की पढ़ाई होगी। इसके अलावा यह नर्स सीएचसी-पीएचसी और उप केंद्रों पर भी विजिट करेंगी।