मकान, दुकान या शादी विवाह करना है तो उसके लिए आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। 14 जून से सितंबर तक शुभ योग रहेगा। क्योंकि इससे आगे नवरात्र छोड़कर दिसंबर में मात्र दो दिन ही शुभ मुहूर्त है। जन्म कुंडली के अनुसार शुभ संयोग के लिए ज्योतिषाचार्यों के पास शहर के लोग जा रहे हैं। सालभर में अब गर्मियों में शुभ मुहूर्त ज्यादा रहेंगे।
श्री सनातन धर्म मंदिर के ज्योतिषाचार्य कमलपति मिश्रा बताते हैं कि पुरुषोत्तम मास के कारण मई और 13 जून तक किसी प्रकार का शुभ कार्य नहीं हाे सकता है। 14 जून से शुभ दिन शुरू हो जाएंगे। जो लगातार सितंबर के पूरे महीने तक रहेंगे। अक्टूबर में नवरात्र हैं। यह दिन शुभ रहेगा। नवरात्र के बाद से और नवंबर में भी कोई संयोग नहीं है। इस कारण है कि अक्टूबर में शुक्र ग्रह अस्त होगा और एक नवंबर को उदय हो जाएगा। 10 नवंबर को बृहस्पति ग्रह अस्त होगा और 7 दिसंबर को उदय होगा। उन्होंने बताया कि 12 व 13 दिसंबर को शुभ मुहूर्त है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस साल सबसे कम मुहूर्त हैं।