स्कूल बस चालक को पीटा, बच्चे सहमे
करनाल | काछवा रोड पर कुछ युवकों ने एक स्कूल बस के ड्राइवर को पीटने का मामला सामने आया है। इससे बस में बैठे बच्चे सहम गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल ड्राइवर सुनील के बयान दर्ज किए हैं। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। शुक्रवार को काछवा रोड पर एक निजी स्कूल बस का चालक सुनील बच्चों को लेकर जा रहा था। सात से आठ आरोपियों ने बाइक आगे अड़ाकर बस को रुकवाया और चालक पर हमला बोल दिया। बच्चे भी इस लड़ाई को देखकर जोर से चिल्लाने लगे और बस के पीछे हिस्से पर इकट्ठा हो गए। सदर थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि चालक के साथ कोई रंजिश हाे सकती है। बयान दर्ज कर जांच शुरू की है।