करनाल | जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। कर्नाटक में भाजपा के नेतृत्व में बनी सरकार को अनैतिक बताते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंका। इस दौरान संविधान बचाओ-देश बचाओ के नारे लगाए गए। जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि येद्दियुरप्पा की सरकार को भंग किया जाए और संविधान की रक्षा की जाए। पंकज पुनिया का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दबाव में राज्यपाल ने येद्दियुरप्पा को मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई है।
कर्नाटक में भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के इशारे पर राज्यपाल ने बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस और जेडीएस को आमंत्रित नहीं किया। कांग्रेस तब तक विरोध करेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सरकार लोकतंत्र को नष्ट करना चाहती है। राजग सरकार संविधान का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में बीजेपी ने जिस तरीके से सरकार बनाई है वो भी बिना बहुमत के वह निंदनीय है। बीजेपी सरकार बनाने के लिए साम, दाम, दंड, भेद सारे रास्ते अपना रही है और विधायकों को खरीदा जा रहा है। इस अवसर पर करनाल जिला प्रभारी पवन गर्ग, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन ज्ञान सहोता, पंचायती राज के अध्यक्ष डा. सुनील पंवार, राजिंद्र कल्याण, विनोद तितोरिया मौजूद रहे।