करनाल | एडीसी निशांत कुमार यादव ने सोमवार को लघु सचिवालय में गांव में बनाए जाने वाले श्मशान घाटों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। एडीसी ने कार्यकारी अभियंता पंचायती राज को निर्देश दिए कि श्मशान घाटों के संशोधित एस्टीमेट जल्द से जल्द जमा तैयार करवाएं, ताकि जिले के सभी खंडों में जल्द से जल्द कार्य शुरू किया जा सके। एडीसी ने डीडीपीओ कुलभूषण बंसल को आदेश दिए कि इन श्मशान घाटों में पानी की उचित व्यवस्था तथा चारदीवारी अति आवश्यक है, ताकि कोई इन पर नाजायज कब्जा न कर पाएं। गांव में जो सामान्य श्रेणी के लिए श्मशान घाट बनाए जाएंगे, उनमें मनरेगा स्कीम से समन्वय स्थापित करके ही निर्माण कार्य करवाएं। इस अवसर पर एसडीओ पंचायती राज, डीआरडीए के सहायक परियोजना अधिकारी नरेश कुमार, डीडीपीओ ऑफिस से अर्जुन सिंह तथा अन्य मौजूद रहे।