कर्रा अंचल कर्मियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश
सेवा पुस्तिका एवं रोकड़ पंजी का संधारण सही तरीके से करें। रोकड़ पंजी में जो अनुपयुक्त राशि हैं, उन्हें संबंधित विभाग व कोषागार को वापस कर दें। साथ ही परिसर में बेकार पड़े जर्जर भवन जो मरम्मत करने लायक नहीं हैं, उन्हें ध्वस्त करें और जो मरम्मत के लायक हैं, उनकी मरम्मत कराएं। ये निर्देश उपायुक्त सूरज कुमार ने बुधवार को कर्रा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में कहीं।
उन्होंने जनसेवकों व ग्राम सेवकों को निर्देश दिया कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों में रहें और कार्य को सही समय पर पूरा करें। किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने अंचल कर्मियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने एवं कार्य संपादित करने में पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या पर विशेष ध्यान देकर उसके समाधान करने में तेजी लाएं।
अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगवाएं। इससे पूर्व उपायुक्त के साथ आए डीआरडीए निदेशक इश्तियाक अहमद एवं अपर समाहर्ता रंजीत लाल ने सभी दस्तावेज का निरीक्षण किया। मौके पर बीडीओ प्रभात रंजन चौधरी, सीओ निशा तिर्की, बीपीओ जयप्रकाश मानकी आदि उपस्थित थे।