अबूझ मुहूर्त में 78 नवयुगलों ने सात फेरे लेकर की दांपत्य जीवन की शुरुआत
कृषि उपज मंडी परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अखिल भारतीय क्षत्रिय राजपूत समाज के 22वें सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में 78 जोड़ों ने गायत्री पद्धति से 7 फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। आयोजन में 8 जिलो के समाजजन शामिल हुए। समाजजनों ने महाराणा प्रताप के जयकारे लगाए। नवयुगलों को आशीर्वाद दिया।
विवाह समिति अध्यक्ष योगेंद्रसिंह चौहान ने कहा माता-पिता के दिए संस्कारों से दो परिवारों के बीच कर्तव्य निर्वहन की जिम्मेदारी बेहतर रूप से निभाना चाहिए। प्रदेशाध्यक्ष प्रहलादसिंह तंवर ने कहा समाज को संगठित रहकर आगे बढ़ना होगा। नई पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए तकनीकी शिक्षा पर जोर देना होगा। सामूहिक विवाह का आयोजन समाज की एकजुटता को प्रदर्शित करता है। यह समाज के लिए खुशी की बात है। पूर्व जिलाध्यक्ष दशरथसिंह पटेल ने कहा खर्चीले विवाह आयोजनों से समाज को बचना चाहिए। इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है लाखों रुपए खर्च करने के बाद ही इतनी तादाद में समाज एकत्रित नहीं हो सकता है। यह ताकत सामूहिक विवाह आयोजन की है। इसमें 15000 से अधिक समाजजनों ने वर-वधू को आशीष प्रदान किया है। कैलाश दरबार ने कहा समाज को दिए आर्थिक सहयोग से सामाजिक काम बेहतर किए जा सकते हैं।
गोशाला में केवट समाज के 51 जोड़ों का विवाह हुआ
गर्मी से बचाने पानी की बौछार की
मंडी परिसर में 220 बॉय 60 वर्गफीट का पंडाल लगाया गया। गर्मी से बचाव के लिए पंडाल के भीतर पाइप के माध्यम से पानी की हल्की बौछार की गई। तापमान में कमी आने से वर-वधू के साथ परिजनों को राहत मिली। विवाह सम्मेलन में जिलाध्यक्ष सुरेंद्रसिंह राठौर ने सभी जोड़ों को भगवान श्रीराम दरबार की फोटो भेंट की। कार्यक्रम में अर्जुनसिंह ठाकुर, भारतसिंह चौहान, रामेश्वर सिसौदिया, भारतसिंह पटेल, दिलीपसिंह पटेल, भारतसिंह राठौर, महेंद्रसिंह तवर, इंदरसिंह राठौर, लोकेशसिंह पटेल, करणसिंह पटेल, पवनसिंह राठौर, लोकेंद्रसिंह मंडलोई, अक्षयसिंह राठौर आदि समाजजन मौजूद थे।
कसरावद. वर-वधू ने विवाह की रस्में पूरी की।
महेश्वर | श्रीमद् भागवत मां रेवा गौशाला में अक्षय तृतीया बुधवार को केवट समाज का सामूहिक विवाह हुआ। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ आयोजन दोपहर 3 बजे तक चला। इसमें 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार, विधायक राजकुमार मेव महेश्वर व सचिन यादव कसरावद ने नवयुगलों का आशीर्वाद दिया। मंत्री पाटीदार व विधायक मेव ने वर-वधुओं को गृहस्थी का सामान भेंट किया। विधायक मेव ने विधायक निधि से सामूहिक विवाह समिति को 1 लाख रुपए व कसरावद विधायक ने 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। विवाह समिति से जुड़े केवट समाज प्रदेशाध्यक्ष विक्रम केवट, उपाध्यक्ष हरिराम केवट, मंशाराम केवट, धन्नालाल केवट, बलिराम केवट, दिनेश केवट, पार्षद जितेंद्र केवट, सदाशिव केवट, जितेंद्र बजाज, हुकुम केवट, एडवोकेट कालूराम केवट, नागेश्वर केवट मौजूद थे।
एक दिन पहले हुआ सुंदरकांड
आयोजन की सफलता के लिए मंगलवार की रात युवा समिति सदस्यों ने पंडाल में सुंदरकांड का आयोजन किया। श्री चिंतामणि हनुमान भजन मंडल ने संगीतमय सुंदरकांड के साथ भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं विवाह समारोह के दौरान नवनीत हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने शिविर लगाकर समाजजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया।