पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नए सत्र से होगा जटगा कॉलेज के पहले बैच का एडमिशन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पोड़ी-उपरोड़ा ब्लाक के लिए कालेज को मंजूरी मिली है। इसके तहत लीड कालेज के प्राचार्य की ओर से गठित टीम ने सर्वेक्षण कर रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को भेज दी है। शैक्षणिक सत्र 2018-19 से एडमिशन शुरू हो जाएगा। प्रारंभ में जटगा के स्कूल में कॉलेज का संचालन किया जाएगा। विभाग का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त होने पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पोड़ी-उपरोड़ा ब्लाक के जटगा में गवर्नमेंट कालेज स्वीकृत किया गया है। बजट में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जटगा में ब्लॉक के युवाओं को उनके क्षेत्र में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं में जहां खुशी व्याप्त है, प्रशासन ने भी एडमिशन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कालेज के संचालन के लिए सुविधा, संसाधन व अधोसंरचनाओं की जरूरत से संबंधित रूपरेखा तैयार करने एक समिति का गठन किया गया था। प्रशासन के निर्देश व उच्च शिक्षा विभाग राज्य शासन की गाइडलाइन के तहत लीड कालेज शासकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य ने समिति का गठन किया था। समिति के सदस्यों ने जटगा में कॉलेज संचालन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने सर्वेक्षण किया था। टीम की ओर से तैयार की गई सर्वे रिपोर्ट भी शासन को प्रस्तुत कर दी गई है।

कॉलेज के अभाव में या तो स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए छात्रों को बिलासपुर के पेंड्रा के कॉलेजों का रुख करने मजबूर होना पड़ता या बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवाओं की स्कूल के बाद की पढ़ाई पर विराम लग जाता था। यही वजह है जो क्षेत्र के लोगों की डिमांड व जनप्रतिनिधियों के प्रयास के बाद कॉलेज मंजूर किया गया।

कुल 2348.81 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले पोड़ी-उपरोड़ा की जनसंख्या लगभग दो लाख है। कालेज नहीं होने के कारण एक बड़ा भू-भाग होने के बाद भी इस ब्लॉक में 12वीं पास होकर कॉलेज पढ़ने वालों का सपना अधूरा रह जाता था। इस ब्लॉक में कुल 15 हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं, जिसमें बीते शैक्षणिक सत्र एक हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी। इनमें छात्राओं की संख्या भी छात्रों से कहीं ज्यादा है। यही वजह है जो बड़ी संख्या में छात्राओं की पढ़ाई पर स्कूल के बाद ब्रेक लग जाता था।

नए सत्र से शुरू हो जाएगी प्रक्रिया

पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. आरके सक्सेना ने बताया कि कालेज के लिए अधोसंरचना, सुविधा व संसाधनों के आंकलन के लिए गठित समिति ने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है, जिसे शासन को भेज दिया गया है। जटगा के शासकीय स्कूल भवन में फिलहाल कॉलेज का संचालन होगा। नए सत्र से ही, यानि शैक्षणिक सत्र 2018-19 से एडमिशन की प्रक्रिया पूरी कर कॉलेज में अध्ययन-अध्यापन शुरू कर दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...