निरीक्षण में गैर नर्सिंग स्टाफ में कई कर्मी अनुपस्थित
हजारीबाग डीसीएलआर सह कटकमसांडी प्रखंड के वरीय पदाधिकारी मो शाबीर ने मंगलवार को कटकमसांडी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सरकारी व गैर सरकारी स्टाफ की उपस्थिति पंजी, ओपीडी रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट, रोस्टर चार्ट, शौचालय की साफ सफाई, दवा वितरण पंजी, अस्पताल बिल्डिंग सहित अन्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। उपस्थिति पंजी के मुताबिक छह डॉक्टरों में चार डॉक्टर क्रमश: प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुक्ता सोरेन, डॉ. एन के सिन्हा, डॉ. सुदीप्तो कुमार तथा डॉ. वेद राजन अनुपस्थित थे। जबकि डॉ. योगेंद्र चौधरी ओपीडी ऑन ड्यूटी पर थे। डॉ. विनय कुमार रात्रि ड्यूटी के बाद डॉ. योगेंद्र चौधरी को ड्यूटी हैंडओवर कर गए थे। गैर नर्सिंग स्टाफ में कई कर्मी अपने ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इनमें कार्यालय सहायक मोनालिसा सिंह सहित कार्यालय कर्मी प्रदीप यादव, जय प्रकाश यादव, रितुराज राणा, एमपीडब्ल्यू सुरेंद्र कुमार, संजय कुमार, पी बाखला शामिल हैं। जबकि प्रधान सहायक कार्यालय कार्य से हजारीबाग गए थे। इधर आउटसोर्सिंग में भी कई स्टाफ अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए। कुछ स्टाफ ड्यूटी पर उपस्थित थे परंतु वह निर्धारित परिधान में नहीं पाए गए। सुरक्षा प्रहरी के वर्दी में नहीं रहने पर जांच अधिकारी ने सुरक्षा कर्मी को कड़ी फटकार लगाई।
बीपीएम चंद्रमोहन उरांव से उन्होंने 2 दिनों के भीतर आउटसोर्सिंग, डॉक्टर नर्स एवं गैर स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी चार्ट व रोस्टर चार्ट को बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बीडीओ अखिलेश कुमार एवं सीओ नीतू कुमारी को भी अस्पताल का टाइम टू टाइम निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय बीडीओ अखिलेश कुमार, सीडीपीओ मीना ठाकुर, डॉ. योगेंद्र चौधरी उपस्थित थे।