योजनाओं को 24 तक पूरा करने का िदया गया निर्देश
समीक्षा बैठक करते डीसी एलआर।
भास्कर न्यूज | कटकमसांडी
कटकमसांडी प्रखंड मुख्यालय के सभागार में एसबीएम, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीसी एलआर मो शब्बीर ने की। बैठक में प्रखंड में चल रहीं एसबीएम योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की पूर्ण जानकारी ली। एसबीएम के जिला को-ऑर्डिनेटर अखिलेश कुमार ने बताया कि पूरे प्रखंड में एसबीएम के तहत 11348 शौचालय का निर्माण कराया जाना है। इनमें 7150 शौचालय पूर्ण हो चुके हैं जबकि 1700 शौचालय का निर्माण कार्य जारी है। शेष 1030 का निर्माण कार्य शेष है। डीसीएलआर ने एसबीएम कर्मियों से निर्माणाधीन एवं बचे हुए शौचालय को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने एसबीएम योजना के लिए सोशल मोबलाइजर ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर को टारगेट देकर कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश जिला को-ऑर्डिनेटर को दिया। एसबीएम योजना के अंतर्गत चल रही योजनाओं को आगामी 24 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया। एसबीएम के बाद उन्होंने प्रखंड के सभी 18 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी संबंधित पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिवों से ली। जानकारी के दौरान उन्होंने सभी पंचायतों में आवंटित पीएम आवास योजना को शत प्रतिशत जियो टैगिंग करने तथा निर्माणाधीन योजना को जल्द पूरा कराने की भी बात कही। उन्होंने आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवकों तथा पंचायत स्वयंसेवकों को निर्देश दिया और कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की भी बात कही। समीक्षा बैठक में प्रमुख कुमारी श्रुति पांडेय, बीस सूत्री अध्यक्ष सह कंडसार मुखिया रामकुमार मेहता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विपुल कुमार, जनसेवक प्रदीप द्विवेदी, बीपीओ मनरेगा मो अफरोज, कनीय अभियंता महेश कुमार, रामजतन सिंह, मुखिया शेर मोहम्मद खान, लीलो सिंह भोक्ता, नूरजहां सहित सभी पंचायतों के सचिव, रोजगार सेवक और पंचायत स्वयंसेवक उपस्थित थे।