ढोठवा में 18 को सभी स्कूलों की प्रबंधन समिति का गठन
कटकमसांडी प्रखंड के सुदूरवर्ती पंचायत ढोठवा में स्कूल प्रबंधन समिति का पुनर्गठन 18 मई को किया जाएगा। इस आशय की जानकारी कटकमसांडी के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नागेश्वर सिंह ने दी। उन्होंने यह बताया कि पंचायत क्षेत्र के सभी प्राथमिक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय व उच्च विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति का पुनर्गठन होगा। पुनर्गठन के लिए स्कूल के पोषक क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए पारंपरिक ढोल नगाड़े से गांव मोहल्ले तक जानकारी देने का निर्देश दिया है। पुनर्गठन के लिए हर स्कूल के लिए पर्यवेक्षक की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। विदित हो कि पंचायत के मुखिया शेर मोहम्मद खान ने जिला शिक्षा अधीक्षक हजारीबाग को पत्र लिखकर पंचायत क्षेत्र के सभी स्कूलों में प्रबंध समिति के अध्यक्ष के द्वारा मनमाने ढंग से कार्य किए जाने की शिकायत की थी। साथ ही स्कूलों में बनने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सही ढंग से मुहैया नहीं कराए जाने की भी बात पत्र में लिखा था। मुखिया के पत्र के आलोक में पंचायत के सभी प्रबंध समिति को भंग करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक हजारीबाग ने 20 मई 2018 तक सभी स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समिति का पुनर्गठन का आदेश दिया था। जिला शिक्षा अधीक्षक के पत्र के आलोक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने ढोठवा पंचायत क्षेत्र के सभी स्कूलों का पूर्व के प्रबंध समिति को भंग कर उसे पुनर्गठन कराने का आदेश दिया है। पुनर्गठन तक पूर्व की समिति पहले की भांति काम करती रहेगी।