सेलेक्टेड गोविंदपुर के लोगों ने किया सर्वे का विरोध
बीसीसीएल व जरेडा की टीम द्वारा वार्ड नंबर एक के सेलेक्टेड गोविंदपुर में किए जा रहे सर्वे कार्य का विरोध मोहल्ला वासियों ने किया। इस दौरान टीम ने सेलेक्टेड गोविंदपुर के आवासों को चिह्नित किया। इसे लेकर मोहल्लावासियों में उबाल है। विस्थापन की आशंका को लेकर सेलेक्टेड गोविंदपुर की प्राय: सभी घरों की महिलाओं ने वार्ड नंबर एक के पार्षद विनोद गोस्वामी के आवास में जाकर उन्हें अपनी समस्या बताई। महिलाओं ने कहा कि टीम ने मुहल्ले के प्राय: सभी आवासों को चिह्नित करने के साथ सभी परिवार के मुखिया से आधार कार्ड की छायाप्रति ली है। उन्होंने कहा कि सोमवार को सर्वे के लिए आई टीम ने 15 दिनों के अंदर मोहल्ला खाली करने को कहा है। महिलाओं की बात सुनने के बाद पार्षद ने सलानपुर के परियोजना पदाधिकारी जयराम सिंह से संपर्क साधा और वस्तुस्थिति से अवगत हुए।