बंद डीसी लाइन में यात्री ट्रेन चलाने के बजाय मालवाहक ट्रेन चलाने की तैयारी को लेकर बीसीसीएल की टीम शुक्रवार को सलानपुर साइडिंग पहुंची। टीम में शामिल क्षेत्र संख्या चार के महाप्रबंधक जीतेंद्र मल्लिक, सलानपुर परियोजना पदाधिकारी जयराम सिंह सहित सर्वेयर के साथ डोजर हाॅपलेक व हाइवा लेकर पहुंचे। साइडिंग निर्माण की जानकारी पाकर रेल दो या जेल दो महाधरना के नेतृत्वकर्ता विनोद गोस्वामी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और साइडिंग निर्माण कार्य का विरोध किया। आंदोलनकारियों द्वारा साइडिंग निर्माण कार्य का विरोध करने की जानकारी पाकर विधायक ढुल्लू महतो के समर्थक बड़ी संख्या में वहां पहुंचे। विधायक समर्थकों ने आंदोलनकारियों के साथ धक्कामुक्की व अभद्र व्यवहार करते हुए बीसीसीएल प्रबंधन से साइडिंग निर्माण का कार्य चालू करने को कहा। इस दौरान करीब छह लोग आंशिक रूप से चोटिल हुए। आंदोलनकारियों के रुख को देखते हुए प्रबंधन के लोगों को मशीन के साथ लौटना पड़ा।
आंदोलनकारियों का विरोध से शहरवासी हैरत में
डीसी लाइन में यात्री ट्रेन चलाने की मांग को लेकर विगत 11 माह से आंदोलन कर रहे पार्षद विनोद गोस्वामी की कार्यशैली का एक गुट द्वारा विरोध करने पर शहरवासी हैरत में हैं। शहर के लोगों ने आंदोलन का विरोध करने वालों को जमकर काेसा। कहा कि शायद ही कोई ऐसा वर्ग या संस्था है। जिसने महाधरना के नेतृत्वकर्ता पार्षद गोस्वामी के कार्य की सराहना नहीं की है। सांसद, विधायक से लेकर मंत्री व पूर्व मंत्री ने भी आंदोलन का जायज बताया है।
एक दूसरे से भिड़ते विधायक ढुल्लू व रेल दो जेल दो आंदोलनकारी समर्थक।
प्रबंधन अपनी मंशा साफ करे : गोस्वामी
पार्षद विनोद गोस्वामी ने कहा कि रेल व बीसीसीएल प्रबंधन अपनी मंशा साफ कर साइडिंग निर्माण कार्य का शुरू करें। कहा कि यहां यात्री ट्रेन चलाए बिना किसी भी सूरत में मालवाहक ट्रेन चलने नहीं दिया जाएगा। कहा कि यात्री ट्रेन बंद होने से लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं। यात्री ट्रेन के चालू होने से ऐसे लोगों को फिर से रोजगार प्राप्त होगा। मालवाहक ट्रेन के चलने से न तो बाजार की रौनक बढ़ेगी और न ही लोगों की परेशानी दूर होगी। इससे बड़े घरानों को ही लाभ होगा। इधर विधायक समर्थकों का कहना था कि साइडिंग चालू होगा तो बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त होगा।